कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने दशरंगपुर स्कूल का किया निरीक्षण नव प्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर किया स्वागत

कवर्धा, 18 जून 2026/sns/- कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने आज पूर्व माध्यमिक शाला दशरंगपुर का निरीक्षण कर नवीन शिक्षा सत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया तथा तिलक लगाकर उनका स्वागत किया। कलेक्टर ने बच्चों को नई कक्षाओं की पाठ्यपुस्तकें एवं गणवेश वितरित कर उन्हें मन लगाकर अध्ययन करने और नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर श्री वर्मा ने शिक्षकों से कहा कि वे विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित न रहें, बल्कि प्रत्येक विषय को सरल, रोचक एवं व्यावहारिक तरीके से पढ़ाएं ताकि बच्चों को विषयवस्तु भली-भांति समझ में आए। उन्होंने कहा कि पढ़ाए गए पाठों का समय-समय पर रिवीजन कराना आवश्यक है, जिससे विद्यार्थियों की विषय पर पकड़ मजबूत हो और उनकी सीखने की क्षमता में निरंतर सुधार हो।
उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों में संवाद कौशल, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास किया जाना चाहिए। ऐसा वातावरण तैयार किया जाए कि विद्यार्थी पूरी कक्षा के सामने न केवल प्रश्नों के उत्तर आत्मविश्वास के साथ दे सकें, बल्कि अपने विचारों को भी प्रभावी ढंग से व्यक्त कर सकें।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वर्मा ने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई एवं रुचियों के संबंध में चर्चा की। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए।
कलेक्टर श्री वर्मा ने विद्यालय प्रबंधन को परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बच्चों के अनुकूल बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफ.आर. वर्मा तथा सहायक संचालक श्री एम.के. गुप्ता सहित विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।

About The Author