नवीन प्राथमिक शाला भवन से कोत्तागुड़ा के नौनिहालों को मिली बेहतर शिक्षा सुविधा
बीजापुर, 18 जून 2026/sns/- ग्राम पंचायत अंगमपल्ली के आश्रित ग्राम कोत्तागुड़ा में नवीन प्राथमिक शाला भवन निर्माण कार्य पूर्ण होने से बच्चों को अब बेहतर एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो गया है। पहले जर्जर एवं स्लैबयुक्त पुराने भवन में संचालित विद्यालय के कारण विद्यार्थियों को पढ़ाई में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
भोपालपटनम विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत अंगमपल्ली में जिला खनिज संस्थान न्यास निधि (डीएमएफ) के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 12 लाख रुपये की लागत से नवीन प्राथमिक शाला भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई थी। जनपद पंचायत भोपालपटनम द्वारा विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन को प्रस्ताव भेजा गया था।
पूर्व में विद्यालय भवन की कमी के कारण कक्षा पहली से पांचवीं तक के लगभग 25 विद्यार्थियों की पढ़ाई एक ही अतिरिक्त कक्ष में संचालित होती थी। वहीं बारिश के दिनों में जर्जर शीट से पानी टपकने के कारण बच्चों और शिक्षकों को काफी परेशानी होती थी।
जिला प्रशासन की पहल से अब नवीन विद्यालय भवन का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जिससे विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए उपयुक्त एवं सुविधायुक्त वातावरण प्राप्त हुआ है। भवन निर्माण पूर्ण होने पर ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती चिनक्का कुंजाम एवं प्रधान अध्यापक ने बताया कि अब कक्षाओं का संचालन सुचारू रूप से हो रहा है तथा छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।