प्रधानमंत्री आवास योजना ने पूरे किए सपनों के आशियाने के अरमान

बीजापुर, 18 जून 2026/sns/- नगरीय क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 05 निवासी श्री शैलेन्द्र कोवा की कहानी उन हजारों परिवारों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने परिवार के बेहतर भविष्य का सपना देखते हैं। शैलेन्द्र कोवा अपने परिवारकृपत्नी और दो पुत्रोंकृके साथ एक छोटे से कच्चे मकान में निवास करते थे। निजी क्षेत्र में हेल्पर के रूप में कार्य कर वे किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनका एकमात्र सपना था कि जीवन में एक बार अपने बच्चों के लिए एक पक्का मकान बना सकें, ताकि वे सुरक्षित और बेहतर वातावरण में रहकर पढ़ाई कर सकें। लेकिन सीमित आय के कारण यह सपना उनके लिए दूर की कौड़ी प्रतीत होता था। कच्चे मकान में कम जगह, घरेलू सामान रखने की असुविधा तथा बरसात के दिनों में बच्चों की पढ़ाई में आने वाली बाधाएँ परिवार के लिए बड़ी परेशानी थीं।

वर्ष 2024 में उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना (बी.एल.सी. घटक) “मोर जमीन मोर मकान” के बारे में नगर पंचायत भैरमगढ़ के अधिकारियों एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की टीम से जानकारी प्राप्त हुई। मार्गदर्शन मिलने पर उनका आवेदन तैयार कर शासन को भेजा गया और शीघ्र ही उनके आवास को स्वीकृति प्राप्त हो गई।

हालांकि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे कई महीनों तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं कर सके। ऐसे समय में नगर पंचायत भैरमगढ़ के अधिकारियों ने उन्हें लगातार प्रेरित और प्रोत्साहित किया। उनके सहयोग और मार्गदर्शन से शैलेन्द्र कोवा ने धीरे-धीरे अपने सपनों के घर का निर्माण पूरा किया।

आज वे अपने परिवार के साथ एक सुरक्षित और पक्के मकान में खुशी एवं सम्मान के साथ जीवन व्यतीत कर रहे हैं। उनके बच्चे अब बिना किसी व्यवधान के पढ़ाई कर पा रहे हैं और परिवार का जीवन पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक एवं सुखद हो गया है।

श्री शैलेन्द्र कोवा भावुक होकर कहते हैं, “प्रधानमंत्री आवास योजना से मेरी अधूरी इच्छा पूरी हुई। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मेरा अपना पक्का घर होगा। आज मेरा परिवार सुरक्षित है और बच्चों का भविष्य भी बेहतर दिख रहा है।” वे इस उपलब्धि के लिए नगर पंचायत भैरमगढ़, राज्य शासन एवं माननीय प्रधानमंत्री जी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।

श्री शैलेन्द्र कोवा की यह सफलता कहानी इस बात का प्रमाण है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाएँ जब सही पात्र व्यक्ति तक पहुँचती हैं, तो वे केवल घर ही नहीं बनातीं, बल्कि लोगों के सपनों, आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य की नींव भी तैयार करती हैं।

About The Author