तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर का हुआ समापन

मुंगेली, 20 जून 2026/sns/- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के शासन के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा पात्र हितग्राहियों को त्वरित लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में 18 से 20 जून तक आयोजित तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर समापन हुआ। विश्वास के विकास, जनकल्याण के 12 वर्ष की थीम पर आयोजित इस अभियान के तहत जिले के तीनों विकासखंड मुख्यालयों में शिविर लगाए गए। जिला मुख्यालय स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल सामुदायिक भवन में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा मौके पर ही पंजीयन, आवेदन और लाभ वितरण की सुविधाओं का लाभ उठाया। कार्यक्रम की शुरूआत दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले शामिल हुए। उन्होेंने स्टालों को अवलोकन कर आमजनों को योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री मोहले ने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से ऐसे वृहद जनकल्याण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं सहज और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब परिवारों के पक्के घर के सपने को साकार कर रही है, महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है तथा वन नेशन-वन राशन कार्ड जैसी व्यवस्था से प्रवासी श्रमिकों सहित सभी जरूरतमंद परिवारों को बड़ी सुविधा मिली है।
विधायक श्री मोहले ने किसानों से कृषि यंत्रीकरण, सिंचाई, ट्यूबवेल स्थापना एवं अन्य कृषि विकास योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने राजस्व, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र नागरिकों से इनका लाभ लेने की अपील की। शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, कृषि, सहकारिता, स्वास्थ्य, उद्यानिकी, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों के आवेदन प्राप्त किए तथा अनेक प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया।
शिविर में कुल 90 से अधिक हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित किया गया। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना के 10 हितग्राहियों को आवास की प्रतिकात्मक चाबी, स्वच्छ भारत मिशन के हितग्राहियों को स्वीकृति प्रमाण-पत्र, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के 10 स्व-सहायता समूहों को चेक, 05 हितग्राहियों को राशन कार्ड, 20 हितग्राहियों को नोनी सुरक्षा योजना के बॉन्ड पेपर, 10 आयुष्मान कार्ड, 10 श्रम कार्ड तथा पात्र हितग्राहियों को फलदार पौधे, अरहर किट एवं मत्स्य किट वितरित किए गए। कार्यक्रम में सुघ्घर हमर छत्तीसगढ़ अभियान के तहत स्वच्छता, जनभागीदारी और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश भी दिया गया। इस दौरान मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री होरी सिंह ठाकुर, गणमान्य नागरिक श्री शैलेष पाठक, जिलाध्यक्ष श्री दीनानाथ केशरवानी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

About The Author