विकास और जनकल्याण का संगम लोरमी में तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर का सफल समापन
मुंगेली, 22 जून 2026/sns/- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के अभियान के तहत लोरमी के मानस मंच में 18 से 20 जून 2026 तक तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना रहा। शिविर के दौरान नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की गई तथा नए पंजीयन, दस्तावेजों के त्रुटि सुधार, हितग्राहियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं आवश्यक मार्गदर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इससे आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ सहजता से प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वर्षा विक्रम सिंह ठाकुर शामिल हुईं। साथ ही नगर पालिका लोरमी अध्यक्ष श्री सुजीत वर्मा, सीईओ जनपद पंचायत लोरमी श्री सुरेश कंवर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ दिलाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने नागरिकों से विभिन्न योजनाओं में पंजीयन कर उनका अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया। शिविर के दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सामग्री एवं लाभों का वितरण भी किया गया। इससे जरूरतमंद परिवारों को सीधे तौर पर लाभ पहुंचा और शासन की योजनाओं के प्रति लोगों का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।