खरीफ सीजन में धान के बदले अन्य फसल की खेती के लिए होगा 10 हजार हेक्टेयर का निर्धारण

बलौदाबाजार, 23 जून 2026/sns/* कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मंगलवार को समय-सीमा की बैठक में विभागीय कार्याे की समीक्षा की। उन्होंने राज्य शासन द्वारा कृषक उन्नति योजना के विस्तार के सम्बन्ध में धान के बदले अन्य फसल दलहन, तिलहन एवं कपास की खेती के लिये जिले के किसानों को प्रोत्साहित करने तथा लगभग 10 हजार हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारण के निर्देश क़ृषि विभाग के अधिकारियों को दिये। कलेक्टर ने बताया क़ि कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ सीजन में धान के.बदले अन्य फसल लेने पर राज्य शासन द्वारा किसानों को 11 हजार रुपए प्रति एकड़ आदान सहायता राशि को बढाकर 15 हजार रुपए किया गया है। उन्होंने उप संचालक कृषि को निर्देशित किया क़ि शासन की मंशानुसार इस योजना का लाभ किसानों को देने के लिये जागरूकता अभियान चलाने तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियो को लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिये। उन्होंने अलग-अलग गांव में किसानों के खसरा होने पर सभी खसरो का एग्रीस्टेक में पंजीयन के लिए पटवारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एवं समिति प्रबंधको की बैठक लेकर सभी खसरो का पंजीयन कराने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने राज्य शासन की महत्वपूर्ण सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान का जिले में क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए कहा क़ि 31 हितग्राहीमूलक योजनाओं के संतृप्तिकरण के लिये ग्राम पंचायत, क्लस्टर एवं ब्लॉक मुख्यालय में शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियो को विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं के तहत ग्राम पंचायतवार छूटे हुए हितग्राही की संख्या की जानकारी तैयार कर शिविर के दौरान सभी हितग्राही को लाभान्वित करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों में जल कर वसूली को गंभीरतापूर्वक लेते हुए वसूली में प्रगति लाने तथा जिन पंचायतों द्वारा रूचि नहीं ली जा रही है वहां के सचिव पर कार्यवाही के निर्देश दिये। उन्होंने राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए राजस्व न्यायलयों में लंबित प्रकरणो को माह जुलाई तक निराकरण करने के भी निर्देश दिये। इस दौरान सीएम हेल्पलाइन लाइन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, सीपी ग्राम्स, जन शिकायत, स्वामित्व योजना आदि की समीक्षा की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुश्री दीप्ति गौते, ए.आर.टंडन, निशा नेताम मड़ावी, सीमा ठाकुर सहित एसडीएम, जनपद सीईओ एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

About The Author