नशामुक्त भारत सप्ताह के तहत प्लेस ऑफ सेफ्टी बालक गृह में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित
अम्बिकापुर, 23 जून 2026/sns/- समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित नशामुक्त भारत सप्ताह के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित प्लेस ऑफ सेफ्टी बालक गृह, अंबिकापुर में नशामुक्ति जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा समाज में नशामुक्त वातावरण के निर्माण हेतु सकारात्मक संदेश देना था। इस अवसर पर श्रीमती प्रभावती दास, समाज कल्याण विभाग द्वारा नशामुक्त भारत सप्ताह की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए उपस्थित बालकों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में नवा बिहान संस्था के प्रतिनिधि श्री अजय तिवारी एवं श्री मंगल पाण्डेय ने नशामुक्ति विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों की विस्तृत जानकारी देते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
नशामुक्त भारत अभियान के तहत उपस्थित सभी बालकों को नशामुक्त रहने एवं दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में प्लेस ऑफ सेफ्टी बालक गृह के स्टॉफ तथा समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।