चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर प्राप्त सूचना से टला बाल विवाह
मुंगेली, 23 जून 2026/sns/- जिले में बाल विवाह रोकथाम की दिशा में प्रशासन द्वारा सतर्कता बरतने के साथ सतत निगरानी रखी जा रही है। इसी कड़ी में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 में प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्यवाही कर एक नाबालिग का बाल विवाह रोका गया। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार इस कार्यवाही से एक बच्चे के सुरक्षित और बेहतर भविष्य की राह सुनिश्चित हुई। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती संजुला शर्मा ने बताया कि चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 में प्राप्त सूचना के आधार पर महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला बाल संरक्षण इकाई तथा पुलिस विभाग की टीम ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए संयुक्त कार्यवाही की। टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान बाल विवाह की पुष्टि हुई।
अधिकारियों ने परिजनों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बाल विवाह से होने वाले सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से समझाया। प्रभावी काउंसलिंग और समझाइश के बाद परिजनों ने बाल विवाह नहीं कराने की सहमति दी तथा विवाह कार्यक्रम को स्थगित कर दिया। बालिका को आगे की काउंसलिंग एवं आवश्यक संरक्षणात्मक कार्यवाही के लिए बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। प्रशासन की समयबद्ध पहल से न केवल एक बाल विवाह रोका गया, बल्कि बाल अधिकारों की रक्षा और जागरूकता का सकारात्मक संदेश भी समाज तक पहुंचा।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्रीमती अंजुबाला शुक्ला ने बताया कि बच्चों का सुरक्षित बचपन, शिक्षा और बेहतर भविष्य सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं। कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिलने पर तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या निकटतम प्रशासनिक अधिकारी को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्यवाही कर बच्चों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।