संक्रामक रोगों से बचेंगे गौवंश और भैंसवंशीय पशु
मुंगेली, 23 जून 2026/sns/- वर्षा ऋतु में गौवंशीय एवं भैंसवंशीय पशुओं को संक्रामक रोगों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में पशु चिकित्सा विभाग द्वारा व्यापक टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत जिले के लाखों पशुओं का टीकाकरण किया जा रहा है। पशु चिकित्सा विभाग के उपसंचालक श्री आर. एम. त्रिपाठी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले में 01 लाख 91 हजार गौवंश एवं भैंसवंशीय पशुओं को गलघोंटू तथा 01 लाख 02 हजार बछड़ा-बछियों को एकटंगिया रोग से बचाव के लिए टीके लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि गलघोंटू एवं एकटंगिया वर्षा ऋतु के प्रारंभ में फैलने वाले गंभीर भूमिजन्य संक्रामक रोग हैं।
गलघोंटू रोग का प्रकोप सामान्यतः स्वस्थ एवं युवा गौवंश और भैंसवंशीय पशुओं में अधिक देखा जाता है, जबकि एकटंगिया रोग से दो वर्ष तक की आयु के बछड़े एवं बछिया सबसे अधिक प्रभावित होते हैं। समय पर उपचार एवं टीकाकरण नहीं होने पर इन रोगों से पशुओं की मृत्यु तक हो सकती है। पशु चिकित्सा विभाग ने जिले के सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं का समय पर निःशुल्क टीकाकरण अवश्य कराएं। इससे पशुधन को संक्रामक रोगों से सुरक्षित रखा जा सकेगा, आर्थिक नुकसान से बचाव होगा तथा जिले में पशुधन संरक्षण एवं संवर्धन को प्रभावी बढ़ावा मिलेगा।