कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने की स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक
अम्बिकापुर, 24 जून 2026/sns/- कलेक्टर श्री अजीत वसंत की अध्यक्षता में जिला स्तरीय स्वास्थ्य समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक, जिला स्वास्थ्य अधिकारी, समस्त नोडल अधिकारी, विशेषज्ञ चिकित्सक, डीपीएम, सीपीएम, समस्त बीएमओ, बीपीएम, अस्पताल सलाहकार एवं अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित हुए
कलेक्टर ने बैठक में समस्त बीएमओ के साथ मानसून मौसम के दौरान संभावित मौसमी एवं जलजनित बीमारियों की रोकथाम, उपचार व्यवस्था, नियमित एवं विशेष टीकाकरण गतिविधियों तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु के दौरान मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, दस्त, टायफाइड एवं अन्य संक्रामक रोगों की रोकथाम हेतु विशेष सतर्कता बरती जाए। सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाइयों, जांच किटों एवं उपचार संबंधी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने जिले के समस्त स्वास्थ्य संस्थानों एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों में मानसून जनित बीमारियों के उपचार हेतु पर्याप्त व्यवस्था करने साथ ही ग्राम स्तर पर मितानिनों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री वसंत ने नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की प्रगति की भी समीक्षा की तथा छूटे हुए बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टीकाकरण से वंचित हितग्राहियों की पहचान कर विशेष अभियान चलाकर उन्हें निर्धारित सभी टीके लगाए जाएं।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति, संस्थागत प्रसव, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की गतिविधियों तथा अन्य स्वास्थ्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने U-WIN (Universal Immunization WIN) पोर्टल की प्रगति की भी जानकारी ली। बैठक में गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के शत-प्रतिशत पंजीयन तथा समयबद्ध टीकाकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के सभी पात्र गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का U-WIN पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीयन किया जाए तथा प्रत्येक हितग्राही को निर्धारित समयानुसार सभी आवश्यक टीके लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य कार्यकर्ता, एएनएम, मितानिन एवं अन्य मैदानी अमला घर-घर संपर्क कर छूटे हुए हितग्राहियों की पहचान करें तथा उनका तत्काल पंजीयन एवं टीकाकरण सुनिश्चित करें। साथ ही सभी विकासखंडों में नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा कर लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मानसून मौसम को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों, नियमित टीकाकरण कार्यक्रम एवं विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।