17 से 26 जून तक सुकमा में नशामुक्त भारत अभियान
सुकमा, 25 जून 2026/sns/- जिले में नशे के खिलाफ जनजागरूकता की अलख जगाने के लिए राष्ट्रीय कार्य योजना मादक पदार्थ मांग न्यूनीकरण के अंतर्गत “नशामुक्त भारत अभियान विकसित भारत की पहचान“ विषय पर 17 जून से 26 जून 2026 तक विशेष जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक नशे के दुष्परिणामों की जानकारी पहुंचाना तथा युवाओं को स्वस्थ, सुरक्षित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
इसी क्रम में आज 25 जून 2026 को जिला कलेक्ट्रेट परिसर, सुकमा में कलेक्टर महोदय द्वारा सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प दिलाते हुए नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता शपथ दिलाई गई। साथ ही जिले के विभिन्न मैदानी कार्यालयों एवं संस्थानों में भी इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अभियान के तहत सामूहिक शपथ, पोस्टर निर्माण, निबंध प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, साइकिल एवं बाइक रैली, योग सत्र तथा सोशल मीडिया अभियान जैसी विविध गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से नशे के विरुद्ध जनआंदोलन का वातावरण तैयार करने और विकसित भारत के निर्माण में जनसहभागिता को सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही संबंधित गतिविधियों के फोटोग्राफ्स को एन.एम.बी.ए. पोर्टल पर अपलोड करने हेतु भी निर्देशित किया गया है।