हरियाली की नई पहचान बनेगा गीधा बाईपास 10 किलोमीटर तक होगा आकर्षक वृक्षारोपण

मुंगेली, 02 जुलाई 2026/sns/- जिले को हरित, स्वच्छ और पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए गीधा बाईपास के लगभग 10 किलोमीटर लंबे मार्ग को आकर्षक एवं छायादार पौधों से विकसित किया जाएगा। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में बैठक लेकर वृक्षारोपण महाभियान की तैयारियों की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही महत्वपूर्ण है। यदि हम लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करेंगे, तो आने वाले वर्षों में यही हरियाली जिले की नई पहचान बनेगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारियां पूर्ण करने तथा अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वनमंडलाधिकारी श्री अभिनव कुमार ने बताया कि अभियान के तहत अमलतास, जैकारांडा, गुलमोहर एवं बकुल जैसी छायादार और आकर्षक प्रजातियों का पौधारोपण किया जाएगा। इन पौधों के माध्यम से पारिस्थितिक संतुलन को बढ़ावा देने, सड़क किनारे हरित आवरण विकसित करने तथा आमजन को स्वच्छ एवं सुखद वातावरण उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप दिया जा सके। बैठक में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम के माध्यम से युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई,
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभाकर पाण्डेय ने अभियान के सफल संचालन के लिए पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा को नोडल अधिकारी तथा तहसीलदार श्री अतुल वैष्णव को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाने की जानकारी दी। बैठक में बताया गया कि कॉर्पाेरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) इनिशिएटिव के माध्यम से गीधा बाईपास के दोनों ओर छायादार एवं शोभायुक्त पौधों का रोपण किया जाएगा। यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण को मजबूती देगी, बल्कि मार्ग को आकर्षक हरित कॉरिडोर के रूप में विकसित कर जिले की सुंदरता में भी उल्लेखनीय वृद्धि करेगी। जिला प्रशासन का यह महाअभियान पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और हरित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए भी स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण की मजबूत नींव रखेगा। बैठक में राईस मिलर्स, जिले में संचालित इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author