सहकारी समिति लवन में किसान संगोष्ठी एवं सहकारिता मेला का आयोजनकिसानों को केसी सी

बलौदाबाजार, 3 जुलाई 2026/sns/- सहकारिता मंत्रालय के गठन के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले की सभी पंजीकृत सहकारी समितियों में सहकारिता सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में मॉडल सहकारी समिति लवन में किसान संगोष्ठी एवं सहकारिता मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को सहकारी समितियों की नई सेवाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों तथा विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही किसानों को केसीसी, रूपे कार्ड एवं एटीएम कार्ड तथा परिवहन सुविधा केंद्र के माध्यम से लर्निंग लाइसेंस वितरित किये गये। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष सुलोचना यादव ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं कृषि योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी एवं समृद्ध बनाने का आह्वान किया। साथ ही सहकारी समितियों से जुड़कर उपलब्ध सुविधाओं एवं सेवाओं का लाभ लेने की अपील की। उप पंजीयक सहकारिता उमेश गुप्ता ने कहा कि प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियां अब केवल कृषि कार्यों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बहुउद्देशीय संस्थाओं के रूप में विकसित हो चुकी हैं। पहले समितियों के माध्यम से किसानों को खाद, बीज, दवाइयां एवं ऋण उपलब्ध कराया जाता था, जबकि अब आधार सेवा केंद्र, परिवहन सुविधा केंद्र, माइक्रो एटीएम, ड्रोन संचालन, पेट्रोल-डीजल आउटलेट, एलपीजी वितरण तथा प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र जैसी अनेक सेवाएं भी संचालित की जा रही हैं। उन्होंने किसानों से सहकारी समितियों से जुड़कर इन सुविधाओं का अधिकाधिक लाभ लेने का आग्रह किया। सहायक संचालक कृषि एन.के. भारद्वाज ने किसानों को कृषि की नवीन तकनीकों की जानकारी देते हुए नैनो यूरिया, नैनो डीएपी तथा ड्रोन तकनीक के उपयोग से उत्पादन बढ़ाने एवं लागत कम करने के बारे में विस्तार से बताया।जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी जी.एन. साहू ने बताया कि जिले में सहकारी बैंकों के माध्यम से किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर लगभग 435 करोड़ रुपये का ब्याजमुक्त कृषि ऋण उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने गोपालन, मत्स्य पालन, मध्यमकालीन ऋण, तार घेरा, ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, जेसीबी सहित अन्य कृषि ऋण योजनाओं की भी जानकारी दी। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने जिले की चिन्हांकित मॉडल सहकारी समिति लवन का भ्रमण एवं निरीक्षण किया। साथ ही धान खरीदी केंद्र लवन परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। इस अवसर पर.नगर पंचायत लवन के अध्यक्ष, जनपद सदस्य, सरपंचगण, समिति के प्राधिकृत अधिकारी, सहकारिता विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, समिति के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

About The Author