सुपोषित बचपन अभियान में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई

बलौदाबाजार,30 जून 2026/sns/- कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मंगलवार को समय-सीमा की बैठक में विभागीय कार्यो की समीक्षा की। उन्होंने हाल ही में शुरू हुए सुपोषित बचपन अभियान अंतर्गत आंगनबाड़ी केन्द्र के कुपोषित बच्चों को पोषक लड्डू खिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही होने पर संबधित पर कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिये। कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी को अभियान की सतत मॉनिटरिंग करने तथा लड्डू निर्माण से लेकर आंगनबाड़ी केंद्रों तक सप्लाई और कार्यकर्ता द्वारा बच्चों को खिलाने तक पूरा रिकार्ड रखने के निर्देश दिये। इसी तरह गंभीर कुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती एवं मेडिकल चेक नजदीकी उप स्वास्थ्य केन्द्र में कराने समयबद्ध कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने खरीफ सीजन में खाद-बीज की उपलब्धता एवं केसीसी ऋण वितरण की समीक्षा करते हुए किसानों को शासन के निर्देशानुसार उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। उन्होंने नई समितियो में भी खाद-बीज वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये। उन्होंने छूटे हुए किसानों का एग्रीस्टेक में पंजीयन के लिये कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियो को जरुरी समन्वय करने कहा। कलेक्टर शर्मा ने आयुष्मान कार्ड की समीक्षा करते हुए अब तक छूटे हुए हितग्राहियों का कार्ड बनाने के लिये अभियान चलाने के निर्देश दिये। उन्होंने प्रति सप्ताह 5000 आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित करने कहा। कलेक्टर ने मिशन उत्कर्ष अंतर्गत डीएमएफ मद से 464 शिक्षकों की अस्थाई व्यवस्था करने तथा मासिक टेस्ट, ऑनलाइन पढ़ाई आदि के बेहतर मॉनिटरिंग के भी निर्देश दिये। इस दौरान राजस्व प्रकरण, राजस्व कोर्ट केस, स्वामित्व योजना, पीएम आवास ग्रामीण एवं शहरी, मुख्यमंत्री जानदर्शन, सीएम हेल्पलाइन, सीपी ग्राम्स, सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण, समय-सीमा के आवेदन आदि पर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में डीएफओ गणवीर धम्मशील, सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता, एआर टंडन, निशा नेताम मड़ावी, सीमा ठाकुर सहित एसडीएम, जनपद सीईओ एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

About The Author