पात्र अभ्यर्थियों को साक्षात्कार व परीक्षा के लिए किया जाएगा आमंत्रित
बिलासपुर, 6 जुलाई 2026/sns/- छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन “बिहान” अंतर्गत जिला बिलासपुर में रिक्त संविदा पदों पर भर्ती प्रक्रिया के तहत पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है। जिला पंचायत द्वारा जारी आम सूचना के अनुसार भर्ती के लिए पूर्व में विज्ञापन जारी कर 6 अप्रैल 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए थे।
प्राप्त आवेदनों के परीक्षण के उपरांत पात्र एवं अपात्र सूची जिले की वेबसाइट पर प्रकाशित की गई थी तथा अभ्यर्थियों से 19 जून 2026 तक दावा-आपत्ति आमंत्रित की गई थी। प्राप्त दावा-आपत्तियों का जिला स्तरीय चयन समिति द्वारा नियमानुसार परीक्षण एवं जांच के बाद अंतिम पात्र एवं अपात्र सूची तैयार की गई है।अंतिम पात्र सूची के आधार पर पदवार एवं प्रवर्गवार मेरिट तथा रोस्टर के अनुसार 1:10 के अनुपात में अभ्यर्थियों को साक्षात्कार, लिखित अथवा कौशल परीक्षा के लिए आमंत्रित किया जाएगा। अभ्यर्थी भर्ती से संबंधित अंतिम पात्र-अपात्र सूची एवं अन्य जानकारी जिला प्रशासन बिलासपुर की वेबसाइट पर देख सकते हैं।