एग्रीस्टैक अभियान में मुंगेली ने पकड़ी रफ्तार 1.18 लाख से अधिक किसानों का पंजीयन पूर्ण

मुंगेली, 07 जुलाई 2026/sns/- जिले में किसानों को डिजिटल कृषि सेवाओं से जोड़ने और भविष्य की सभी शासकीय योजनाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित एग्रीस्टैक पंजीयन अभियान तेज गति से आगे बढ़ रहा है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशन में जिले के 1 लाख 18 हजार 110 से अधिक किसानों का पंजीयन पूर्ण कर लिया गया है। वहीं एक्जेम्प्टेड श्रेणी के 88 प्रतिशत किसानों का भी सफलतापूर्वक पंजीयन किया जा चुका है। इसी संबंध में आज जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में एडीएम श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने एग्रीस्टैक एवं किसान पंजीयन की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को जिले में शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शेष किसानों का पंजीयन युद्धस्तर पर पूरा किया जाए। इसके लिए सहकारी समितियों में संचालित कॉमन सर्विस सेंटर, मोबाइल यूनिट तथा मैदानी अमले के समन्वय से प्रत्येक ग्राम पंचायत में विशेष शिविर आयोजित किए जाएं। साथ ही मुनादी एवं जनजागरूकता अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान पंजीयन से वंचित न रहे। बैठक में बताया गया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में वन पट्टाधारी, डुबान, शासकीय पट्टेदार, कोटवार, संस्थागत तथा अधिया/रेगहा श्रेणी के किसानों को एग्रीस्टैक पंजीयन से छूट प्रदान की गई थी। इस श्रेणी के 03 हजार 680 किसानों में से 03 हजार 260 किसानों का पंजीयन पूर्ण कर लिया गया है, जो लगभग 88 प्रतिशत है।
एडीएम ने अधिकारियों को किसानों के सभी खसरा नंबरों का शत-प्रतिशत पंजीयन, अपडेटेड फार्मर रजिस्ट्रेशन तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों के पंजीयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में तहसील जारहागांव, मुंगेली, पथरिया, लालपुर एवं सरगांव की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव, अनुविभागों के एसडीएम, तहसीलदार तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author