सूबेदार उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर प्रारंभिक परीक्षा 12 जुलाई को
मुंगेली, 08 जुलाई 2026/sns/- छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर प्रारंभिक परीक्षा-2024 का आयोजन 12 जुलाई को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जिले के चार परीक्षा केंद्रों में किया जाएगा। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में परीक्षा के लिए पंडित ज्वाला प्रसाद मिश्र शासकीय विज्ञान महाविद्याल, मुंगेली, शासकीय एसएनजी महाविद्यालय रायपुर रोड मुंगेली, पीएम श्री बी.आर. साव शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मुंगेली को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा की पारदर्शिता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी अभ्यर्थियों की परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पूर्व मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों के प्रयोग पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं सुचारु संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्र को परीक्षा का नोडल अधिकारी तथा प्राचार्य श्री जय मंगल सिंह ध्रुव को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छता एवं अन्य सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।