प्रधानमंत्री आवास योजना से साकार हुआ सपनों का आशियाना
कवर्धा, 08 जुलाई 2026/sns/- एक समय था जब कबीरधाम जिले के श्री भानुराम पटेल का परिवार कच्चे मकान में रहने को मजबूर था। बरसात में टपकती छत, सीलन से भरी दीवारें और हर मौसम में असुरक्षा का एहसास उनके जीवन का हिस्सा बन चुका था। सीमित आय के कारण पक्का घर बनाना उनके लिए केवल एक सपना था। लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके इस सपने को साकार कर दिया और आज उनका परिवार सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर जीवन जी रहा है।
श्री भानुराम पटेल बताते हैं कि उनका परिवार खेती और मेहनत-मजदूरी पर निर्भर है। परिवार बड़ा होने के बावजूद आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि स्वयं के संसाधनों से पक्का मकान बना सकें। बरसात के दिनों में घर में पानी भर जाता था और बच्चों तथा बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर हमेशा चिंता बनी रहती थी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उनका आवास स्वीकृत हुआ। शासन से प्राप्त आर्थिक सहायता और अपनी मेहनत से उन्होंने पक्का मकान तैयार किया। आज वे अपने पूरे परिवार के साथ मजबूत और सुरक्षित घर में रह रहे हैं। अब न बारिश का डर है, न ही गर्मी और सर्दी की परेशानियां पहले जैसी हैं। बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिला है और परिवार सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर रहा है।
भानुराम पटेल कहते हैं कि पक्का मकान मिलने से केवल रहने की सुविधा ही नहीं बढ़ी, बल्कि पूरे परिवार का आत्मविश्वास और सामाजिक सम्मान भी बढ़ा है। अब उन्हें भविष्य की चिंता कम और बच्चों के बेहतर जीवन की उम्मीद अधिक है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत उन्हें अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी मिला। मनरेगा के तहत मजदूरी, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय, उज्ज्वला योजना से गैस कनेक्शन, जल जीवन मिशन के तहत नल से जल तथा बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं ने उनके जीवन को और अधिक सुविधाजनक बना दिया है। श्री भानुराम पटेल प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहते हैं कि यह योजना गरीब परिवारों के लिए नई उम्मीद लेकर आई है। शासन की सहायता और अपनी मेहनत से उनका वर्षों पुराना पक्के घर का सपना पूरा हुआ है।