डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार 2026 हेतु सरगुजा जिले के उत्कृष्ट किसानों से 31 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित
अम्बिकापुर, 08 जुलाई 2026/sns/- कृषि विभाग के उप संचालक ने बताया कि कृषि के क्षेत्र में उत्कृष्ट, नवोन्मेषी और अनुकरणीय कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य के सर्वोच्च सम्मान ’’डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार 2026’’ के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। सरगुजा जिले के सभी पात्र एवं इच्छुक किसान 31 जुलाई 2026 (सायं 05ः00 बजे तक) अपने आवेदन जमा कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जिले के ऐसे किसान जो पारंपरिक खेती से हटकर कृषि में नवाचार, जैविक/प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण, उन्नत कृषि यांत्रिकीकरण, जल संरक्षण या कृषि विपणन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं, वे आवेदन के पात्र हैं।
इच्छुक कृषक आवेदन पत्र सरगुजा जिले के कार्यालय उप संचालक कृषि या अपने संबंधित विकासखंड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय से निःशुल्क प्राप्त कर सकते हैं।आवेदन फॉर्म विभाग की आधिकारिक वेबसाइट agriportal.cg.nic.in पर भी उपलब्ध है। उन्होंने किसानों को समय सीमा के भीतर अपने आवश्यक दस्तावेज कृषि भूमि के ऋण पुस्तिका, नवाचार से सम्बंधित फोटोग्राफ एवं प्रमाणपत्र के साथ आवेदन जमा करने कहा है। अधिक जानकारी के लिए नजदीकी विकासखण्ड कृषि, कार्यालय उप संचालक कृषि या आधिकारिक वेबसाईट agriportal.cg.nic.in का अवलोकन कर सकते हैं।