जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक में विभिन्न अधिकारी कर्मचारी संगठनों ने रखी समस्याएं व सुझाव
बलौदाबाजार,10 जुलाई 2026/sns/- कलेक्टर कुलदीप शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मान्यता प्राप्त जिले के विभिन्न अधिकारी -कर्मचारी एवं पेंशन संघ के पदाधिकारियों की समस्याएं और सुझाव को सुना गया और निर्णय लिये गये।
छत्तीसगढ़ अधिकारी -कर्मचारी फेडरेशन द्वारा कलेक्टोरेट परिसर में आगंतुकों के वाहन पार्किंग के लिए शेड निर्माण को शीघ्र पूरा कराने,बलौदाबाजार स्थित 29 क्वाटर्स के मरम्मत कराने हेतु ध्यान आकृष्ट कराया गया। इस पर शेड निर्माण को शीग्र पूरा करने तथा 29 क्वार्टर की मरम्मत नियमित बजट से कराने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियो को निर्देशित किया गया। इसके साथ ही वहां नये मल्टी स्टोरी क्वाटर्स के लिये प्रककलन तैयार कर शासन को प्रस्ताव प्रेषित करने कहा गया।
शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने प्राथमिक शाला प्रधान पाठक पदोन्नति, लिपिक संवर्ग विभागीय भर्ती परीक्षा, शिक्षकों के लिए टीईटी को शिथिल करने,कैशलेस उपचार सुविधा शीघ्र लागू करने की मांग रखी। पेंशन संघ द्वारा सेवा पुस्तिका में नामिनी का समय -समय पर अपडेट करने की मांग की गई।
कलेक्टर श्री शर्मा ने सभी पदाधिकारियों की समस्याओ के समयबद्ध निराकरण हेतु जिला अधिकारियो को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों का जिला स्तर पर निराकरण हो सकता है उनको शीघ्र निराकरण करें तथा शासन स्तर पर प्रस्ताव प्रेषित करने पर उसकी प्रतिलिपि संघ के पदाधिकारी को भी उपलब्ध कराएं।
बैठक में अपर कलेक्टर निशा नेताम मड़ावी,विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी फ़ेडरेशन,छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ,छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ,लिपिक संघ,छात्रावास अधीक्षक संघ सहित अन्य मान्यता प्राप्त संघो के पदाधिकारी उपस्थित थे।