सरगुजा में अटल आरोग्य लैब से सुदृढ़ होंगी निःशुल्क जांच सेवाएं

अम्बिकापुर, 10 जुलाई 2026/sns/-   छत्तीसगढ़ शासन की पहल पर सरगुजा जिले के शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में निःशुल्क जांच सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जा रहा है। इस दिशा में मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में अटल आरोग्य लैब की स्थापना की जा रही है, जिससे मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध जांच सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रेम सिंह मार्को ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिले में केंद्रीय डैशबोर्ड मॉनिटरिंग समिति का गठन किया गया है। यह समिति जांच प्रक्रिया तथा सैंपल रिजेक्शन रेट की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग करेगी, जिससे जांच सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।

अटल आरोग्य लैब के नोडल अधिकारी डॉ. दीपक गुप्ता ने बताया कि एचएलएल (HLL) के सहयोग से अटल आरोग्य लैब में 134 प्रकार की पैथोलॉजी जांचें संचालित की जाएंगी। आधुनिक डिजिटल प्रणाली के माध्यम से जांच पूर्ण होने पर मरीजों को Atal Arogya Lab Connect App के जरिए एसएमएस एवं व्हाट्सएप पर डिजिटल जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय डैशबोर्ड के माध्यम से जांच प्रक्रिया की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी, जिससे जांच रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध होगी, पारदर्शिता बढ़ेगी तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और दक्षता में उल्लेखनीय सुधार आएगा। इस पहल से जिले के नागरिकों को निःशुल्क, आधुनिक एवं विश्वसनीय जांच सेवाओं का लाभ मिलेगा।

About The Author