बस्तर मुन्ने कार्यक्रम में करें विशेष फोकस पात्र हितग्राहियों को करें लाभान्वित कलेक्टर श्रीमती प्रजापति

मोहला, 14 जुलाई 2026/sns/- कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने बस्तर मुन्ने कार्यक्रम के तहत गांवों में घर-घर सर्वेक्षण कर एनसीएईआर के अंतर्गत चिन्हित जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित परिवारों की पहचान कर उन्हें लाभान्वित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे, एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने कहा कि शासन के प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता, जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन एवं समाज के वंचित वर्गों तक उनका समयबद्ध लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बस्तर मुन्ने कार्यक्रम के अंतर्गत विभागवार किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड , मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, जल जीवन मिशन, मृत्यु प्रमाण पत्र, ईडब्ल्यूएस एवं आय प्रमाण पत्र, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन जैसी विभिन्न परिवारमूलक योजनाओं तथा आधार कार्ड, जनधन खाता, आयुष्मान कार्ड, जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, शिक्षा विभाग अंतर्गत मध्यान्ह भोजन, निःशुल्क यूनिफॉर्म एवं पुस्तकें, टीकाकरण, श्रमिक कार्ड, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, महतारी वंदन योजना और मतदाता पहचान पत्र जैसी व्यक्तिमूलक योजनाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं के सर्वेक्षण कार्य में विभाग प्रगति लाएं तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं से लाभान्वित करना हमारा उद्देश्य होना चाहिए। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने श्रम विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि विभागीय योजनाएं श्रमिकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने शत-प्रतिशत श्रमिक पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ई-श्रम साथी मोबाइल एप्लीकेशन के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभाग तथा निर्माण एजेंसियों एवं ठेकेदारों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार और पंजीयन कार्य कराने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने समग्र शिक्षा अंतर्गत स्कूलों में चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा को निर्देशित किया कि शेष कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराएं तथा कार्यों की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें अतिशीघ्र पूर्ण किया जा सके। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने सेवा सेतु के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेवा सेतु में प्राप्त आवेदनों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान में विभिन्न विभागों की 528 सेवाएं सेवा सेतु में उपलब्ध हैं, जिनके माध्यम से आमजन विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आसानी से आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने सभी आवेदनों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। मौके पर उन्होंने नेशनल हाईवे के कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नेशनल हाईवे पर किए जा रहे एवं शेष कार्यों की अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि आगे की आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

About The Author