नगर निगम द्वारा सड़क, जल निकासी एवं अन्य जन सुविधाओं से जुड़े कार्यों का प्राथमिकता के साथ किया जा रहा समाधान

राजनांदगांव, 14 जुलाई 2026/sns/- नगर पालिक निगम राजनांदगांव द्वारा वर्षा ऋतु को देखते हुए सड़क संधारण, जल निकासी, स्वच्छता तथा नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है। राजनांदगांव शहर के बसंतपुर रोड में लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित क्षतिग्रस्त डिवाइडर का मरम्मत कार्य के लिए संबंधित विभाग को सूचित किया गया है। नगर निगम द्वारा शहर की सड़कों पर पेचवर्क कार्य प्रारंभ कर दिया गया है तथा महावीर चौक के गड्ढों का भी शीघ्र मरम्मत किया जाएगा। अस्पताल कॉलोनी की सड़क एवं नालियों की नियमित सफाई की जा रही है। शहर में आवारा मवेशियों की धरपकड़ के लिए प्रतिदिन अभियान चलाया जा रहा है। पकड़े गए मवेशियों को कांजी हाऊस भेजा जा रहा है तथा पशु मालिकों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जा रहा है। निगम ने पशुपालकों से मवेशियों को खुले में नहीं छोडऩे की अपील की है। शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए 3 करोड़ 39 लाख रूपए की लागत से बड़े नार कन्हैया नाला का निर्माण कार्य प्रगति पर है। लगभग 30 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है एवं निर्माण कार्य में तेजी लाई जा रही है। साथ ही बड़े नालों की नियमित सफाई भी की जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत निगम क्षेत्र में 100 से अधिक आवासों का निर्माण जारी है। तकनीकी अधिकारियों द्वारा नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है तथा चरणबद्ध भुगतान की प्रक्रिया निरंतर संचालित है। वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए सर्विस लेन एवं जिला अस्पताल क्षेत्र की नालियों की नियमित सफाई की जा रही है। अस्पताल परिसर के पार्किंग क्षेत्र के समतलीकरण एवं अन्य संबंधित कार्य संबंधित विभागों द्वारा कराए जाएंगे। नगर निगम द्वारा वर्षा ऋतु में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सड़क मरम्मत, जल निकासी, स्वच्छता, आवारा मवेशियों की धरपकड़ तथा विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।

About The Author