सीएम हेल्पलाइन की मदद से दूर हुआ अंधेरा-जिले के संतोषी नगर वार्ड में त्वरित कार्रवाई से फिर जगमगाईं स्ट्रीट लाइटें
दुर्ग, 14 जुलाई 2026/ sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित ’सीएम हेल्पलाइन 1076’ आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के माध्यम से सुशासन को धरातल पर मजबूत कर रही है, जिसका प्रत्यक्ष उदाहरण दुर्ग जिले के भिलाई नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 33, संतोषी नगर से सामने आया है। यहाँ कई दिनों से स्ट्रीट लाइटें बंद होने के कारण शाम ढलते ही पूरे क्षेत्र में अंधेरा पसर जाता था, जिससे न केवल राहगीरों, महिलाओं व बच्चों को आवागमन में भारी असुविधा होती थी, बल्कि अंधेरे की आड़ में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ने से क्षेत्रवासियों में असुरक्षा की भावना भी पनप रही थी। इस सार्वजनिक समस्या के समाधान के लिए स्थानीय जागरूक नागरिक श्री बोल बम गुप्ता ने ’सीएम हेल्पलाइन 1076’ पर अपनी शिकायत दर्ज कराई, जिस पर संबंधित विभाग ने त्वरित संज्ञान लेते हुए कुछ ही दिनों के भीतर बंद पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर उन्हें पुनः चालू कर दिया। जिला प्रशासन की इस त्वरित कार्यप्रणाली ने साबित कर दिया है कि अब आम जनता की समस्याओं को फाइलों में दबाया नहीं जाता, बल्कि उन पर तत्काल एक्शन लिया जाता है। डिजिटल माध्यम से मिली इस राहत ने आम नागरिकों और शासन के बीच के फासले को पूरी तरह से मिटा दिया है। वार्ड में रोशनी लौट आने से जहाँ स्थानीय निवासियों को अब रात के समय सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल रही है और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगा है, वहीं त्वरित जनसेवा की इस कार्यप्रणाली से प्रसन्न होकर संपूर्ण वार्डवासियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की इस संवेदनशील पहल और सीएम हेल्पलाइन के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त की है।