गुलाब की खुशबू से महकी किसान विकास कुमार की किस्मत

जगदलपुर, 15 जुलाई 2026/sns/- पारंपरिक खेती से अलग हटकर अगर आधुनिक और वैज्ञानिक तौर-तरीकों को अपनाया जाए, तो कृषि क्षेत्र में कितनी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है, इसका जीता-जागता उदाहरण पेश किया है कालीपुर ग्राम के प्रगतिशील किसान श्री विकास कुमार श्रीवास्तव ने। उन्होंने अपनी सूझबूझ और कड़ी मेहनत से गुलाब की खेती को मुनाफे का एक शानदार जरिया बना दिया है। विकास कुमार श्रीवास्तव ने अपने 8000 वर्गमीटर के खेत में संरक्षित स्थिति में व्यावसायिक स्तर पर गुलाब की वैज्ञानिक खेती की शुरुआत की थी। सही समय पर सिंचाई, संतुलित पोषण प्रबंधन और उन्नत फसल संरक्षण उपायों के बदौलत उनकी फसल में रिकॉर्ड तोड़ उत्पादकता देखने को मिली, जिसके परिणामस्वरूप उन्होंने अपने खेत से लगभग एक लाख 60 हजार गुलाब के डंठलों का बंपर उत्पादन प्राप्त किया।

बाजार में इन गुलाबों की भारी मांग के चलते विकास कुमार को अपनी फसल का कुल बाजार मूल्य लगभग 8 लाख रुपए प्राप्त हुआ। यदि इस खेती के आर्थिक गणित को समझें, तो इसमें कुल 4 लाख 20 हजार रुपए की लागत आई थी, जिसे निकालने के बाद उन्हें 3 लाख 80 हजार रुपए का सीधा और शुद्ध मुनाफा हासिल हुआ। यह उपलब्धि साबित करती है कि कम क्षेत्र में भी आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर उद्यानीकी फसलों से अच्छी आय अर्जित की जा सकती है। गुलाब की इस सफल खेती ने न केवल विकास कुमार श्रीवास्तव को आत्मनिर्भर बनाया है, बल्कि आज वे आस-पास के क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी एक बड़े प्रेरणास्रोत और रोल मॉडल बन चुके हैं।

About The Author