समय पर खाद, खुशहाल किसान देवगांव के शिवकुमार को समय पर खाद मिलने से खेती को मिली रफ्तार

मुंगेली, 15 जुलाई 2026/sns/- खरीफ सीजन में किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने की जिला प्रशासन की प्रभावी व्यवस्था का सकारात्मक असर अब खेतों में दिखाई देने लगा है। जिलेभर में सहकारी समितियों एवं अधिकृत केंद्रों के माध्यम से किसानों को समय पर खाद उपलब्ध होने से खेती-किसानी के कार्य बिना किसी बाधा के सुचारु रूप से संचालित हो रहे हैं। इससे किसानों का शासन की किसान हितैषी नीतियों एवं व्यवस्थाओं पर विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। इसी कड़ी में जिले के देवगांव निवासी किसान श्री शिवकुमार ने समय पर खाद मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि उन्होंने इस वर्ष सरना धान की खेती की है। बुवाई के समय आवश्यक मात्रा में खाद आसानी से उपलब्ध हो जाने से खेती के सभी कार्य समय पर पूरे हो सके। उन्होंने कहा कि यदि खाद समय पर नहीं मिलती, तो फसल की वृद्धि और उत्पादन दोनों प्रभावित होते, लेकिन इस बार ऐसी कोई परेशानी नहीं हुई।
किसान शिवकुमार ने बताया कि सहकारी समिति में खाद की उपलब्धता बेहतर रही, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। समय पर खाद मिलने से अच्छी फसल की उम्मीद है और उत्पादन भी बेहतर होने की संभावना है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर खाद की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की संवेदनशील कार्यप्रणाली का प्रमाण है। इससे किसानों का समय बचा है, खेती की लागत पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है और खरीफ सीजन के कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे हो रहे हैं। उपसंचालक कृषि श्रीमती वीणा ठाकुर ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा खरीफ सीजन में खाद एवं उर्वरकों के पर्याप्त भंडारण, नियमित वितरण तथा सतत निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि जिले का कोई भी किसान आवश्यक कृषि आदानों से वंचित न रहे।

About The Author