जिले में बलौदाबाजार स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर प्रारंभवॉलीबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, मल्लखम्ब एवं कराते खेलों का मिल रहा प्रशिक्षण
बलौदाबाजार, 15 जुलाई 2026/sns/-कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सी.एस.आर.) मद के सहयोग से इस वर्ष बलौदाबाजार स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर का संचालन स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रारंभ किया गया है। प्रशिक्षण केंद्र के माध्यम से जिले के बालक एवं बालिकाओं को अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिदिन प्रातः 6 बजे तथा सायं 5 बजे वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, मल्लखम्ब एवं कराते खेलों का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण केंद्र का उद्देश्य जिले की खेल प्रतिभाओं को प्रारंभिक स्तर से ही व्यवस्थित प्रशिक्षण उपलब्ध कराना तथा उनके खेल कौशल, शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता एवं अनुशासन का समग्र विकास करना है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले खिलाड़ी स्कूल गेम्स, ओपन जिला स्तरीय, राज्य स्तरीय एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में सहभागिता कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे तथा जिले एवं प्रदेश का गौरव बढ़ाने का अवसर प्राप्त करेंगे। जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में सहभागिता के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने जिले के सभी इच्छुक बालक-बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में बलौदाबाजार स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर’ से जुड़कर प्रशिक्षण का लाभ उठाएं तथा खेलों के माध्यम से स्वस्थ, अनुशासित एवं उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें।