भारी वर्षा के मद्देनजर प्रशासन हाई अलर्ट पर
मुंगेली, 17 जुलाई 2026/sns/- जिले में निरंतर हो रही भारी वर्षा और कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिले में हाई अलर्ट घोषित करते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को फील्ड में रहकर लगातार स्थिति की निगरानी करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर निर्देश दिए कि जहां भी जलभराव के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है, वहां तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। नगर पालिका, नगर पंचायत एवं जनपद पंचायत के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर स्थिति का जायजा लें और आवश्यक राहत कार्य सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं एवं एसडीओ को सड़क, पुल-पुलिया, नदी-नालों तथा विद्युत लाइनों का सतत निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। जहां कहीं भी सड़क क्षतिग्रस्त होने, जलभराव अथवा तेज बहाव के कारण दुर्घटना की आशंका हो, वहां तत्काल बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेत एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। उन्होंने कहा है कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में रहकर जलभराव, बाढ़ जैसी स्थिति एवं आवश्यक सेवाओं का निरंतर आकलन करें। किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर बिना विलंब सुधारात्मक कार्यवाही की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर संपर्क एवं समन्वय बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन, डीपीएम, सभी बीएमओ, पीएचसी प्रभारी, आरएचओ एवं सीएचओ सहित पूरे स्वास्थ्य अमले को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। विशेष परिस्थितियों को छोड़कर किसी भी स्वास्थ्य कर्मचारी को अवकाश नहीं दिया जाएगा। सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने मुख्यालय पर उपस्थित रहेंगे तथा मोबाइल फोन 24×7 चालू रखेंगे। जिला अस्पताल सहित सभी शासकीय अस्पतालों में जीवनरक्षक दवाइयों, स्नेकबाइट एवं रैबीज वैक्सीन का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने, एम्बुलेंस सेवाओं को हर समय तैयार रखने, मितानिनों एवं जमीनी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के साथ सतत संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक तथा अस्पतालों में स्वच्छता एवं हाईजीन बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। कलेक्टर ने लगातार वर्षा की संभावना को देखते हुए सभी विभागों को 24×7 सतर्क रहने और जरूरतमंद लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता जनजीवन की सुरक्षा है तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित, समन्वित और प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।