प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को गति देने रायगढ़ में जिला स्तरीय वर्कशॉप आयोजित

रायगढ़, 18 जुलाई 2026/sns/- खरीफ सीजन में अधिक से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने और योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पंचायत प्रशिक्षण केंद्र रायगढ़ के सभागार में जिला स्तरीय प्रशिक्षण एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में कृषि विभाग, एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (एआईसी) तथा कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के अधिकारियों ने विकासखंड स्तर के कृषि अधिकारियों और सीएससी के विलेज लेवल इंटरप्रेन्योर  को योजना के प्रत्येक पहलू की विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रावधानों, किसानों के ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, पात्रता, बीमा आवेदन की समय-सीमा तथा तकनीकी प्रक्रियाओं पर विस्तार से जानकारी साझा की। साथ ही बताया गया कि प्राकृतिक आपदाओं, अतिवृष्टि, अल्पवृष्टि, ओलावृष्टि एवं अन्य जोखिमों से फसलों को होने वाले नुकसान की स्थिति में यह योजना किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा कवच का कार्य करती है। इसलिए प्रत्येक पात्र किसान का समय पर पंजीयन सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
कार्यशाला में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि कृषि विभाग, बीमा कंपनी और सीएससी के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर किसानों के पंजीयन की प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाया जाए। अधिकारियों ने मैदानी अमले को निर्देशित किया कि वे गांव-गांव पहुंचकर किसानों को योजना की जानकारी दें, उन्हें आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने में सहयोग करें तथा अंतिम तिथि से पहले अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करें। प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना केवल बीमा योजना नहीं, बल्कि किसानों की आय को सुरक्षित रखने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए किसानों में जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने, ग्राम स्तर पर प्रचार-प्रसार करने तथा प्रत्येक पात्र कृषक तक योजना की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
कार्यशाला में सहायक संचालक कृषि श्री अजय जायसवाल, सहायक सांख्यिकी अधिकारी श्री सौरव पटेल, जिला समन्वयक एआईसी रायगढ़ श्री संजीव कुमार साहू, सीएससी जिला प्रबंधक रायगढ़ श्री विश्वजीत पंडा, जिला समन्वयक एआईसी सारंगढ़ श्री वेद चंद्र, सहायक प्रबंधक श्री राहुल सोनी एवं श्री रवि रश्मि सिंह सहित कृषि विभाग, एआईसी और सीएससी के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा विकासखंड स्तर से रायगढ़ के ब्लॉक समन्वयक श्री भीखम साहू, धरमजयगढ़ के श्री खिलेश्वर पटेल, घरघोड़ा के श्री कुलदीप कुमार, पुसौर के श्री शिव शंकर निराला तथा तमनार के श्री आयुष सोनी ने भी प्रशिक्षण में भाग लेकर योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि कृषि विभाग, एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड और कॉमन सर्विस सेंटर आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ जिले के अधिकतम किसानों तक पहुंचाएंगे तथा समय-सीमा के भीतर सभी पात्र कृषकों का सुगम एवं सफल पंजीयन सुनिश्चित करेंगे।

About The Author