उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निराकरण एवं राजस्व वसूली पर दिया विशेष जोर 

कवर्धा, 18 जुलाई 2026/sns/- उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तायुक्त विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने तथा विभागीय कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से आज *छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, राजनांदगांव क्षेत्र* के *मुख्य अभियंता श्री एच.के. मेश्राम* एवं *कार्यपालक निदेशक परियोजना श्री एम. जामुलकर* द्वारा *कबीरधाम जिलें* के समस्त कार्यपालन अभियंता एवं सहायक अभियंताओं की समीक्षा बैठक ली गई।

*बैठक में दिये गये प्रमुख निर्देश:*

*1. उपभोक्ता सेवा एवं विद्युत सुरक्षा*  

मुख्य अभियंता श्री मेश्राम ने निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं से संबंधित *विद्युत व्यवधान की शिकायतों का त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण* सुनिश्चित किया जाए। 

मानसून एवं खरीफ सीजन को देखते हुए उन्होंने कहा कि *”विद्युत दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय विद्युत सुरक्षा उपकरणों का शत-प्रतिशत उपयोग है।”* सभी मैदानी लाइन कर्मचारियों को *हेलमेट, रबर ग्लव्स, सेफ्टी बेल्ट, सेफ्टी शूज एवं इंसुलेटेड टूल्स* के साथ ही कार्य कराया जाए। बिना सुरक्षा उपकरण के किसी भी स्थिति में लाइन कार्य न कराया जाए। कार्य प्रारंभ करने से पूर्व शटडाउन एवं कार्य-आदेश की प्रक्रिया का कड़ाई से पालन किया जाए।

*2. उपभोक्ताओं को विद्युत सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए*  

मुख्य अभियंता ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को भी *विद्युत सुरक्षा एवं विद्युत दुर्घटनाओं के प्रति सचेत* किया जाए। इसके लिए गांव-गांव में जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। उपभोक्ताओं को निम्न बिंदुओं के प्रति प्रोत्साहित किया जाए:  

– टूटे तार, झुके खंभे एवं ढीले तारों की सूचना तत्काल विद्युत कार्यालय को दें।  

– गीले हाथों से विद्युत उपकरणों को न छुएं एवं बच्चों को खंभों से दूर रखें।  

– अवैध कनेक्शन एवं विद्युत चोरी न करें।  

– घरों में अर्थिंग एवं MCB/RCCB जैसे सुरक्षा उपकरण अवश्य लगवाएं।  

– वर्षाकाल में पेड़ों की टहनियों को लाइनों से दूर रखें।  

*3. राजस्व वसूली एवं तकनीकी कार्य*  

सहायक अभियंताओं को *फीडरवार वितरण ट्रांसफार्मरों में मीटरींग* कराने तथा *50 हजार एवं 1 लाख रुपये से अधिक के बकायादारों* से बकाया राशि की वसूली हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

*4. स्मार्ट मीटरींग कार्यों की समीक्षा*  

बैठक में जिले में प्रगतिरत *स्मार्ट मीटरींग* के कार्यों की भी विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाने एवं निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य प्राप्त करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य अभियंता ने कहा कि *कर्मचारी एवं उपभोक्ता सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता* है। सुरक्षा नियमों की अवहेलना करने वाले अधिकारी/कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस समीक्षा बैठक में अधीक्षण अभियंता *श्री रंजीत घोष*, कार्यपालन अभियंता *श्री वी.एल. देवांगन (VIG)*, *श्री एम.के. आर्य (STM)*, *श्री के.के. झा (O&M)*, *श्री मनीष साहू (O&M)*, *श्री आर.के. गोस्वामी (Project)* सहित कबीरधाम जिलें के समस्त सहायक अभियंता उपस्थित थे।

About The Author