कलेक्टर अजीत वसंत की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक संपन्न
अम्बिकापुर, 20 जुलाई 2026/sns/- कलेक्टर श्री अजीत वसंत की अध्यक्षता में सोमवार को समय-सीमा की बैठक के उपरांत जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अंबिकापुर, उदयपुर, सीतापुर एवं धौरपुर, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, समस्त तहसीलदार, पुलिस, वन एवं खनिज विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में खनि अधिकारी द्वारा जिले में संचालित गौण खनिज खदानों की स्थिति तथा अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी प्रस्तुत की गई
कलेक्टर श्री वसंत ने जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस, राजस्व एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम गठित कर नियमित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध खनिज परिवहन पर नियंत्रण में पुलिस विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। जिले में खनिज परिवहन करने वाले वाहन विभिन्न थाना क्षेत्रों से होकर गुजरते हैं, इसलिए थाना प्रभारियों को वाहनों की नियमित जांच करने तथा बिना वैध अभिवहन पास के खनिज परिवहन पाए जाने पर तत्काल प्रकरण दर्ज कर वाहन को पुलिस अभिरक्षा में लेकर अग्रिम कार्रवाई हेतु खनिज विभाग को सौंपने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करते हुए वर्षाकाल में नदियों से रेत उत्खनन पूर्णतः बंद रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इस अवधि में अवैध रेत उत्खनन की किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मैनपाट क्षेत्र में बॉक्साइट के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण की शिकायतों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ऐसे मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।