प्रयास आवासीय विद्यालयों में प्रवेश हेतु काउंसलिंग 5 अगस्त तक

बिलासपुर, 22 जुलाई 2026/sns/- मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए चयनित विद्यार्थियों की काउंसलिंग 5 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी। प्रयास आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विभागीय वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in/ पर काउंसलिंग हेतु पात्र छात्र-छात्राओं की सूची एवं तिथियां प्रदर्शित कर दी गई हैं। काउंसलिंग चयनित विद्यार्थियों को आवंटित प्रयास आवासीय विद्यालयों में प्रतिदिन सवेरे 11 बजे से सायं 4 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा। इनमें कक्षा 8वीं की प्रथम श्रेणी उत्तीर्ण अंकसूची, अध्ययनरत होने का प्रमाण पत्र, नक्सल पीड़ित प्रमाण पत्र (जहां लागू हो), अल्पसंख्यक वर्ग संबंधी सत्यापन प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण पत्र तथा विशेष श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए संबंधित प्रमाण पत्र शामिल हैं। काउंसलिंग के बाद प्रवेश के लिए पात्र पाए जाने वाले विद्यार्थियों को तीन दिनों के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकल सेल जांच प्रमाण पत्र संबंधित प्रयास आवासीय विद्यालय में जमा करना होगा।

About The Author