राज्य खेल अलंकरण खेलवृत्ति एवं प्रोत्साहन पुरस्कारों के लिए 5 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित

कवर्धा, 23 जुलाई 2026/sns/- छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए राज्य खेल अलंकरण, राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेता खिलाड़ियों के प्रोत्साहन पुरस्कार, डाइट मनी तथा खेल संघों के लिए प्रेरणा निधि के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पात्र खिलाड़ी, प्रशिक्षक, निर्णायक एवं खेल संघ 5 अगस्त 2026 तक आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रतिवर्ष राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को राज्य खेल अलंकरण से सम्मानित किया जाता है। इसके अंतर्गत राष्ट्रीय चैम्पियनशिप अथवा राष्ट्रीय खेलों में पदक प्राप्त करने वाले अथवा अधिकृत अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले सीनियर खिलाड़ियों को शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। जूनियर वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त खिलाड़ियों को शहीद कौशल यादव पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
इसी प्रकार विगत पांच वर्षों में चार बार सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों को शहीद पंकज विक्रम सम्मान, उत्कृष्ट प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, तथा खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 55 वर्ष या उससे अधिक आयु के खिलाड़ियों एवं खेल व्यक्तित्वों को शहीद विनोद चैबे सम्मान प्रदान किया जाएगा। राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करने वाली सीनियर एवं जूनियर वर्ग की टीमों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार के अंतर्गत 3 लाख रुपये, शहीद कौशल यादव पुरस्कार एवं वीर हनुमान सिंह पुरस्कार के लिए 1 लाख 50 हजार रुपये, जबकि शहीद विनोद चैबे सम्मान एवं शहीद पंकज विक्रम सम्मान के लिए 25-25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ट्रॉफी के अंतर्गत चार सदस्यीय टीमों को सीनियर वर्ग में 2 लाख एवं जूनियर वर्ग में 1 लाख रुपये तथा चार से अधिक सदस्यों वाली टीमों को सीनियर वर्ग में 5 लाख एवं जूनियर वर्ग में 3 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। सभी पुरस्कार विजेताओं को मानपत्र, अलंकरण फलक, ब्लेजर एवं टाई भी प्रदान किए जाएंगे।
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2025-26 (1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026) के दौरान सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ी प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकते हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करने वाले अथवा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व करने वाले अधिकतम 19 वर्ष आयु तक के खिलाड़ी खेलवृत्ति (डाइट मनी) के लिए पात्र होंगे। इसी अवधि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खेल संघ प्रेरणा निधि के लिए भी आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। पुरस्कार, नगद प्रोत्साहन, खेलवृत्ति एवं प्रेरणा निधि के आवेदन पत्र खेल एवं युवा कल्याण विभाग के जिला कार्यालयों, संचालनालय तथा राज्य खेल संघों से प्राप्त किए जा सकते हैं। आवेदन पत्र का प्रारूप विभाग की वेबसाइट  http//sportsyw.cg.gov.in पर भी उपलब्ध है। सभी आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे तथा विभाग की वेबसाइट पर अपलोड किए गए आवेदन ही मान्य होंगे।
उन्होंने बताया कि जिन पात्र खिलाड़ियों के नाम की अनुशंसा मान्यता प्राप्त खेल संघ द्वारा नहीं की गई है, लेकिन उनकी उपलब्धियां पुरस्कार के लिए पात्र हैं, वे निर्धारित प्रारूप में अपना व्यक्तिगत आवेदन एवं उपलब्धियों का विवरण संलग्न कर 5 अगस्त 2026 तक कार्यालयीन समय में संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, रायपुर अथवा संबंधित जिला खेल कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। सभी आवेदन जिला कार्यालय अथवा संचालनालय में 5 अगस्त 2026 को कार्यालयीन समय तक जमा किए जा सकेंगे।

About The Author