मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना से मजदूर परिवार की बेटी को मिली उच्च शिक्षा की नई उड़ान

मेधावी छात्रा तनुजा वर्मा को मिली 2 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि

रायपुर, 23 जुलाई 2026/ श्रम विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना श्रमिक परिवारों के मेधावी बच्चों के लिए उच्च शिक्षा का मजबूत आधार बन रही है। योजना के तहत सिलतरा, रायपुर निवासी पंजीकृत निर्माण श्रमिक श्री सुनील वर्मा की पुत्री तनुजा वर्मा को कक्षा 10वीं की छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की प्रावीण्य सूची में 8वां स्थान प्राप्त करने पर कुल 2 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

श्री सुनील वर्मा ने बताया कि वे छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के पंजीकृत सदस्य हैं तथा मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित आय के कारण पुत्री की उच्च शिक्षा का खर्च वहन करना उनके लिए कठिन था। ऐसे समय में श्रम विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना उनके परिवार के लिए बड़ी सहायता साबित हुई।

उन्होंने बताया कि दिनांक 5 जून 2026 को आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में माननीय मुख्यमंत्री के करकमलों से उनकी पुत्री को योजना के अंतर्गत 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा दोपहिया वाहन क्रय करने हेतु 1 लाख रुपये प्रदान किए गए। इस प्रकार कुल 2 लाख रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई, जिसका उपयोग उनकी पुत्री की उच्च शिक्षा में किया जाएगा।

श्री वर्मा ने कहा कि यह योजना श्रमिक परिवारों के मेधावी बच्चों के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने इस सहयोग के लिए श्रम विभाग एवं छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना वर्ष 2012 से संचालित है। योजना का उद्देश्य पंजीकृत श्रमिकों के मेधावी बच्चों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना तथा शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराना है। योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षा की प्रदेश स्तरीय प्रावीण्य सूची में प्रथम 10 स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं पात्र होते हैं।

About The Author