संभागायुक्त ने की विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा
मुंगेली, 23 जुलाई 2026/sns/- संभागायुक्त श्री सुनील जैन ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जनहित के कार्यों में पूर्ण संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में संभागायुक्त ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए प्रत्येक शिकायतकर्ता से फीडबैक लेने तथा उसका पृथक पंजी संधारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान संभागायुक्त ने अधूरी एवं क्षतिग्रस्त सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिलासपुर-मुंगेली एवं तखतपुर मार्ग के निर्माण कार्यों में धीमी प्रगति पर संबंधित इंजीनियर को कड़ी फटकार लगाई। संभागायुक्त ने आरटीई प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता, एफएलएन के प्रभावी क्रियान्वयन तथा बैगा बच्चों को आवश्यकता आधारित कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने क्रेडा के माध्यम से सोलर पंप एवं सोलर उपकरणों की मरम्मत का प्रशिक्षण भी स्थानीय युवाओं को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने बताया कि जिले में जर्जर स्कूल भवनों का चिन्हांकन कर उन्हें चरणबद्ध तरीके से ध्वस्त करने की कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाआंे के जिले में प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आश्वस्त किया।
संभागायुक्त ने बिजली व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने खराब ट्रांसफार्मरों को प्राथमिकता से बदलने, पर्याप्त संख्या में ट्रांसफार्मर उपलब्ध रखने तथा लो-वोल्टेज की समस्या के स्थायी समाधान के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि केवल पात्र हितग्राहियों को ही योजना का लाभ मिले। विवादित भूमि पर आवास स्वीकृत होने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आवास संबंधी शिकायतों के त्वरित निराकरण के भी निर्देश दिए। संभागायुक्त ने एग्रीस्टैक एवं किसान पंजीयन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को गांव-गांव पहुंचकर शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि के अंतर्गत भी शत-प्रतिशत पंजीयन पूर्ण कराने पर जोर दिया। साथ ही रासायनिक उर्वरकों के भंडारण, खाद-बीज की उपलब्धता तथा धान उठाव की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने एफआरए पट्टा, स्वामित्व योजना, डिजिटल फसल सर्वेक्षण, मसाहती सर्वे, पट्टा अधिनियम-2023 तथा जल संसाधन विभाग के भू-अर्जन प्रकरणों की जानकारी लेते हुए किसानों के लंबित भुगतान शीघ्र पूर्ण करने एवं सभी प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में आयुष्मान कार्ड, टीबी मुक्त पंचायत, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, मौसमी एवं संक्रामक बीमारियों की रोकथाम की प्रगति का आकलन किया। उन्होंने आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता, स्वच्छ पेयजल के लिए क्लोरीनेशन एवं ब्लीचिंग पाउडर का नियमित छिड़काव तथा मितानिनों के पास आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अभियान चलाकर वरिष्ठ नागरिकों के वय वंदन कार्ड प्राथमिकता से बनाने को कहा। उन्होंने पीएम सूर्य घर योजना की धीमी प्रगति के कारणों को पूछा और योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार एवं प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। पीएम जनमन योजना के अंतर्गत आवास, पेयजल, कौशल विकास, मोबाइल टॉवर सहित विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए वनांचल के युवाओं को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर बल दिया। उन्होंने जल जीवन मिशन, सेवा सेतु केंद्र, ई-ऑफिस, अटल डिजिटल सेवा केंद्र, एमबीयू, पीएम मातृ वंदना योजना तथा कुपोषण की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने जिले में शत-प्रतिशत ई-ऑफिस क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा सभी नागरिक सेवाओं को समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। संभागायुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी पूरी कर्तव्यनिष्ठा, जवाबदेही एवं समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचे और जिले के विकास कार्यों में निरंतर गति बनी रहे। बैठक में वनमंडलाधिकारी श्री अभिनव कुमार, एडीएम श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव, लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी, एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।