राज्य खेल अलंकरण 2026 के लिए आवेदन आमंत्रित 5 अगस्त तक करें ऑनलाइन आवेदन

बीजापुर, 25 जुलाई 2026/sns/- छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा वर्ष 2026 के लिए राज्य खेल अलंकरण, राष्ट्रीय पदक विजेताओं के नगद प्रोत्साहन, खेलवृत्ति (डाइट मनी) तथा प्रेरणा निधि हेतु पात्र खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं खेल संघों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 05 अगस्त 2026 कार्यालयीन समय तक निर्धारित की गई है।
राज्य खेल अलंकरण के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। सीनियर वर्ग के राष्ट्रीय पदक विजेता अथवा अधिकृत अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। जूनियर वर्ग के राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को शहीद कौशल यादव पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
इसी प्रकार विगत पाँच वर्षों में चार बार सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों को शहीद पंकज विक्रम सम्मान दिया जाएगा। उत्कृष्ट प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, जबकि 55 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे वरिष्ठ खेल व्यक्तित्व, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया हो, राष्ट्रीय स्तर पर पदक प्राप्त किया हो अथवा खेलों के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया हो, उन्हें शहीद विनोद चौबे सम्मान से अलंकृत किया जाएगा।
दलीय खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सीनियर एवं जूनियर टीमों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। चार सदस्यीय टीमों को सीनियर वर्ग में ₹2 लाख एवं जूनियर वर्ग में ₹1 लाख, जबकि चार से अधिक सदस्यों वाली टीमों को सीनियर वर्ग में ₹5 लाख तथा जूनियर वर्ग में ₹3 लाख की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। पुरस्कारों के साथ मानपत्र, अलंकरण फलक, ब्लेजर एवं टाई भी प्रदान किए जाएंगे।
पुरस्कार राशि के अंतर्गत शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार के लिए ₹3 लाख, शहीद कौशल यादव पुरस्कार एवं वीर हनुमान सिंह पुरस्कार के लिए ₹1.50 लाख-₹1.50 लाख तथा शहीद विनोद चौबे सम्मान एवं शहीद पंकज विक्रम सम्मान के लिए ₹25-25 हजार की नगद राशि निर्धारित की गई है।
वर्ष 2025-26 (01 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026) के दौरान सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ी नगद प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करने वाले अथवा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले 19 वर्ष तक की आयु के खिलाड़ी खेलवृत्ति (डाइट मनी) के लिए पात्र होंगे। खेल संघ वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों के आधार पर प्रेरणा निधि हेतु भी आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
आवेदन प्रपत्र संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण, विभाग के जिला कार्यालयों तथा राज्य खेल संघों से प्राप्त किए जा सकते हैं। शहीद पंकज विक्रम सम्मान के आवेदन केवल संबंधित राज्य खेल संघ की अनुशंसा के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। खिलाड़ियों से इस सम्मान के लिए सीधे आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि पुरस्कार संबंधी आवेदन केवल विभागीय वेबसाइट http//sportsyw.cg.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। यदि किसी पात्र खिलाड़ी की उपलब्धियां अधिक होने के बावजूद मान्यता प्राप्त खेल संघ द्वारा अनुशंसा नहीं की गई है, तो ऐसे खिलाड़ी निर्धारित प्रारूप में अपना व्यक्तिगत विवरण संलग्न कर 05 अगस्त 2026 तक संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण, सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, जी.ई. रोड, रायपुर अथवा संबंधित जिला खेल कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।

About The Author