नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत कार्यक्रम में युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

बीजापुर, 30 जुलाई 2026/sns/- युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ‘माई भारत’ संगठन के तत्वावधान में गुरुवार को पोर्टा केबिन ऑडिटोरियम, बीजापुर में जिला स्तरीय “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसडीएम श्री जागेश्वर कुमार, विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र ( DTIC ) के प्रबंधक श्री सिद्धांत दुबे एवं माई भारत के जिला युवा अधिकारी श्री आदित्य पांडेय उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत व सम्मान किया गया। इस दौरान जिला युवा अधिकारी श्री आदित्य पांडेय द्वारा उपस्थित युवाओं और विद्यार्थियों को जीवन में कभी भी नशा न करने की शपथ दिलाई गई।
युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कार्यक्रम में कुल 8 विभिन्न विधाओं की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें नृत्य, स्लोगन लेखन, वाद-विवाद, कविता पाठ, रील एवं शॉर्ट फिल्म मेकिंग, संगीत तथा नुक्कड़ नाटक शामिल रहे। जिले भर से आए प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मक और प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश दिया कि एक विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं का नशामुक्त होना अत्यंत आवश्यक है।
सभी विधाओं की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर अतिथियों के हाथों प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री जागेश्वर कौशल एवं अन्य अतिथियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश की असली ऊर्जा हैं। उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर शिक्षा, खेल, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। अतिथियों ने “नशा मुक्त युवा, विकसित भारत” के इस संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का आह्वान किया।

About The Author