योजनाओं का लाभ लेने किसानगण एग्रीस्टेक में पंजीयन जरूर कराएं

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 30 जुलाई 2026/sns/- कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिले के सभी किसानों से अपील किया है कि वे भारत सरकार की महत्वाकांक्षी एग्रीस्टेक (फार्मर रजिस्ट्री ) योजना के अंतर्गत अपना पंजीयन शीघ्र पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि एग्रीस्टेक प्रत्येक किसान की एक विशिष्ट डिजिटल किसान आईडी है, जिसमें भूमि, फसल एवं अन्य आवश्यक कृषि संबंधी जानकारी सुरक्षित रहती है। भविष्य में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ इसी किसान आईडी के माध्यम से प्रदान किया जाएगा, इसलिए पंजीयन जरूर करें।

कलेक्टर ने कहा कि जिले में एग्रीस्टेक पंजीयन का कार्य निरंतर प्रगति पर है, जो किसान वर्तमान में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लिए पात्र नहीं हैं, यदि वे भूमिधारक हैं, तब भी उनके लिए एग्रीस्टेक कराना आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से संयुक्त खातेदार (जॉइंट ख़ाता ) किसानों से अपील करते हुए कहा कि इस वर्ष छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार संयुक्त खाते के सभी भूमिधारक सदस्यों का एग्रीस्टेक होना आवश्यक है। यदि संयुक्त खाते के किसी भी सदस्य का एग्रीस्टेक नहीं होगा, तो धान विक्रय में भी कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है।

कलेक्टर ने कहा कि भविष्य में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए एग्रीस्टेक महत्वपूर्ण होगा। इसलिए किसान अंतिम समय की प्रतीक्षा न करें और अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ ग्राम के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, कृषि विभाग, पटवारी, संबंधित सहकारी समिति अथवा निकटतम लोक सेवा केंद्र (सीएससी) में जाकर अपना पंजीयन अवश्य कराएं। कलेक्टर ने जिले के सभी किसान भाई-बहनों से समय रहते एग्रीस्टेक पंजीयन पूर्ण कराने की अपील करते हुए कहा कि इससे शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं एवं धान उपार्जन का लाभ बिना किसी बाधा के प्राप्त किया जा सकेगा तथा जिले में डिजिटल कृषि व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाया जा सकेगा।

About The Author