हर घर नल से जल पहुंचाने मिशन मोड में कार्य करें कलेक्टर

मुंगेली, 31 जुलाई 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने शुक्रवार को जिला कलेक्टोरेट स्थित एनआईसी कक्ष में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय से सभी लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जल जीवन मिशन सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। उन्होंने कहा कि हर घर तक कार्यशील नल कनेक्शन के माध्यम से नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी संबंधित विभाग गंभीरता और जवाबदेही के साथ कार्य करें।
बैठक में कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के तहत हस्तांतरित एकल ग्राम योजनाओं एवं समूह जलप्रदाय योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि 15वें एवं 16वें वित्त आयोग की राशि का प्राथमिकता से उपयोग जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों को पूर्ण करने में किया जाए। क्षतिग्रस्त पाइपलाइन अथवा अन्य कारणों से जलापूर्ति बाधित है, उनके लिए कार्ययोजना बनाकर शीघ्र जलापूर्ति सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने पूर्ण हो चुके कार्यों का ग्राम पंचायत एवं जनपद पंचायत से सत्यापन कराने के बाद उनका हस्तांतरण एवं भुगतान समयबद्ध रूप से करने के निर्देश दिए। बैठक में पंप चोरी की घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए कलेक्टर ने तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जलस्रोतों के संरक्षण एवं भू-जल स्तर बनाए रखने के लिए व्यापक स्तर पर सोख्ता गड्ढों का निर्माण कराने, पंचायतों के माध्यम से नल-जल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव का आवश्यक प्रशिक्षण देने तथा भुगतान के अनुरूप भौतिक प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने जर्जर एवं अनुपयोगी पानी की टंकियों को चिन्हित कर उन्हें सुरक्षित तरीके से डिस्मेंटल करने के निर्देश दिए। उन्होंने नल-जल योजनाओं की भी समीक्षा करते हुए चयनित गांवों में शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण कर प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में एसएसपी श्री भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author