मनरेगा से बदली ग्राम निम्मलगुड़ा की तस्वीर
बीजापुर, 03 अगस्त 2026/sns/- महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत ग्राम निम्मलगुड़ा में समुदाय के हित में 500 जल अवशोषण ट्रेंच का निर्माण कर जल संरक्षण और ग्रामीण रोजगार सृजन की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया गया है। इस परियोजना की कुल स्वीकृत राशि ₹4,95,073 थी, जिसमें से ₹4,70,061 की राशि व्यय की गई।
इस कार्य के माध्यम से कुल 1,801 मानव-दिवस का रोजगार सृजित हुआ, जिससे अनेक ग्रामीण परिवारों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध हुआ और उनकी आजीविका को मजबूती मिली। परियोजना का प्रमुख उद्देश्य वर्षा जल का संरक्षण कर भू-जल स्तर में सुधार करना था।
जल अवशोषण ट्रेंच बनने के बाद वर्षा का पानी अधिक मात्रा में भूमि में समाहित होने लगा, जिससे भू-जल पुनर्भरण में वृद्धि हुई। साथ ही मिट्टी के कटाव में कमी आई और खेतों में लंबे समय तक नमी बनी रहने से किसानों को कृषि कार्यों में लाभ मिलने लगा। इससे फसलों की उत्पादकता बढ़ाने तथा सिंचाई पर निर्भरता कम करने में भी सहायता मिली।
यह कार्य प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीणों को समय पर रोजगार उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण साबित हुआ। आज ग्राम निम्मलगुड़ा का यह प्रयास जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और ग्रामीण रोजगार सृजन का एक प्रेरणादायक एवं अनुकरणीय उदाहरण बनकर सामने आया है।