अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना बनी श्रमिक परिवारों के सपनों की उड़ान

बीजापुर, 03 अगस्त 2026/sns/- अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर उभरी है। योजना के माध्यम से श्रमिक परिवारों के मेधावी बच्चों को प्रतिष्ठित विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है, जिससे उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखी जा रही है।
जिला बीजापुर के विभिन्न विकासखंडों के कई प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का इस योजना के अंतर्गत चयन हुआ है। विकासखंड उसूर के ग्राम बसागुड़ा की छात्रा सानवीं संगम का चयन दिल्ली पब्लिक स्कूल, राजनांदगांव में हुआ है। वहीं विकासखंड भोपालपटनम के ग्राम गुल्लागुड़ा की छात्रा परिधि कावटी तथा विकासखंड बीजापुर के ग्राम सागमेटा के छात्र देवांश जनगम और ग्राम गुल्लागुड़ा की छात्रा निहारिका नीकुरी का चयन हम एकेडमी, जगदलपुर में हुआ है। इसके अलावा विकासखंड भैरमगढ़ के ग्राम छोटे गोगला के छात्र आदित्य कोरसा का चयन भी दिल्ली पब्लिक स्कूल, राजनांदगांव में हुआ है।
चयनित विद्यार्थियों के अभिभावकों ने बताया कि वे श्रमिक परिवार से हैं और सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण बच्चों को प्रतिष्ठित विद्यालयों में शिक्षा दिलाना उनके लिए संभव नहीं था। श्रम विभाग में पंजीयन के बाद अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना की जानकारी मिलने पर उन्होंने आवेदन किया, जिसके परिणामस्वरूप उनके बच्चों का चयन हुआ। अब बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक सुविधाएँ और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल रहा है।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री विश्वदीप ने चयनित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से मुलाकात कर बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने माता-पिता, समाज और देश का नाम रोशन करने तथा अपने सुनहरे भविष्य का निर्माण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अभिभावकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी, उनका कुशलक्षेम जाना तथा बच्चों के चयन पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।इस अवसर पर श्रम निरीक्षक श्री सोपान कर्णेवार एवं अन्य अधिकारी गण उपस्थित थे।
अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना केवल शिक्षा का अवसर ही नहीं, बल्कि श्रमिक परिवारों के बच्चों के सपनों को नई पहचान देने और उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम बन रही है। यह योजना सामाजिक समावेशन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से समृद्ध एवं आत्मनिर्भर समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

About The Author