प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से बिजली बिल में राहत, पर्यावरण संरक्षण को भी मिल रहा बढ़ावा

मोहला, 3 अगस्त 2026/sns/- केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों को बिजली बिल में राहत प्रदान करने के साथ-साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के माध्यम से लोग अपने घरों की छतों पर सौर ऊर्जा आधारित विद्युत प्रणाली स्थापित कर बिजली की जरूरतें पूरी कर रहे हैं और पर्यावरण संरक्षण में भी अपनी सहभागिता निभा रहे हैं। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मोहला निवासी श्री हेमंत कुमार साहू इस योजना के लाभार्थियों में शामिल हैं। उन्होंने अपने घर में सोलर आधारित विद्युत प्रणाली स्थापित कर न केवल बिजली की खपत को कम किया है, बल्कि हर माह आने वाले भारी-भरकम बिजली बिल से भी राहत प्राप्त की है। श्री हेमंत कुमार साहू बताते हैं कि पहले उनके घर का बिजली बिल लगभग 10 हजार रुपए तक आता था। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर सिस्टम स्थापित होने के बाद अब उनके घर की अधिकांश विद्युत आवश्यकताए सौर ऊर्जा से पूरी हो रही हैं, जिससे बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई है। इससे परिवार को आर्थिक राहत मिलने के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी है। इस योजना से बिजली बिल में कमी आने के साथ-साथ ऊर्जा की बचत होती है और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने शासन एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की, ताकि देश ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बने और स्वच्छ एवं हरित भविष्य की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाए जा सकें।
श्री साहू ने बताया कि सोलर प्रणाली स्थापित होने से घरेलू विद्युत आवश्यकताओं की निर्बाध पूर्ति होती है, बिजली खर्च में कमी आती है तथा पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता भी घटती है। उन्होंने कहा कि यह योजना आर्थिक बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का भी प्रभावी माध्यम बन रही है।

About The Author