युवाओं को मिलेगी बेहतर प्रतियोगी परीक्षा तैयारी
सुकमा, 04 अगस्त 2026/sns/-स्वामी विवेकानंद युवा शक्ति केन्द्र, सुकमा के अंतर्गत प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे पी.एस.सी., व्यापम, बैंकिंग, रेलवे एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु प्रशिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को जिला प्रशासन द्वारा पूर्ण पारदर्शिता एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप संपन्न किया गया। भर्ती प्रक्रिया के तहत 19 जून 2026 को पात्र-अपात्र सूची जारी कर अभ्यर्थियों से 25 जून 2026 तक दावा-आपत्ति आमंत्रित की गई थी। निर्धारित अवधि में प्राप्त कुल दो दावा-आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण एवं निराकरण किया गया।
दावा-आपत्तियों के निराकरण के पश्चात 08 जुलाई 2026 को अंतरिम वरीयता सूची जारी की गई, जिसे जिले की आधिकारिक वेबसाइट https://sukma.gov.in पर सार्वजनिक किया गया। इसके बाद पात्र अभ्यर्थियों का 22 जुलाई 2026 को साक्षात्कार आयोजित किया गया। पूरी चयन प्रक्रिया में निष्पक्षता, पारदर्शिता और गुणवत्ता को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए सभी चरणों का सफलतापूर्वक संचालन किया गया।
जिला प्रशासन ने अब साक्षात्कार उपरांत पात्र अभ्यर्थियों की अंतिम वरीयता सूची जारी कर दी है। यह सूची भी जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित कर दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य योग्य एवं दक्ष प्रशिक्षकों का चयन कर जिले के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर और गुणवत्तापूर्ण तैयारी उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें विभिन्न शासकीय एवं अन्य प्रतिस्पर्धी सेवाओं में सफलता प्राप्त करने के अधिक अवसर मिल सकें।