जिला मुख्यालय मोहला में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम एवं परामर्श कार्यशाला आयोजित

मोहला, 4 अगस्त 2026/sns/- कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देशानुसार जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग, जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जनसामान्य को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से गतदिवस को वन धन केंद्र, मोहला में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम एवं परामर्श कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लिया। कार्यशाला के दौरान लघु फिल्म के माध्यम से विशेषज्ञों ने शराब, तंबाकू, गुटखा, सिगरेट एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही नशे की लत से मुक्ति के उपाय, उपचार और उपलब्ध परामर्श सेवाओं के बारे में भी प्रतिभागियों को अवगत कराया गया।कार्यक्रम को रोचक एवं सहभागितापूर्ण बनाने के लिए "कौन बनेगा नशामुक्त व्यक्ति" विषय पर क्विज़ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें नशामुक्ति से जुड़े प्रश्न पूछे गए। सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई। सहायक संचालक, समाज कल्याण श्री अखिलेश तिवारी ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। जिला प्रशासन ने आमजन से नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा "नशा छोड़ें, स्वस्थ जीवन अपनाएं" के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

About The Author