कन्या शिक्षा परिसर में कक्षा 9वीं एवं 11वीं में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित

मोहला, 4 अगस्त 2026/sns/- शासकीय कन्या शिक्षा परिसर अंबागढ़ चौकी जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, छत्तीसगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं एवं 11वीं की रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक एवं पात्र छात्राएं 5 अगस्त 2026 से 8 अगस्त 2026 तक कार्यालयीन समय में आवेदन पत्र जमा कर सकती हैं। जारी सूचना के अनुसार, कक्षा 9वीं में कुल 3 रिक्त सीटें उपलब्ध हैं, जिनमें अनुसूचित जनजाति (अजजा) की 1, अनुसूचित जाति (अजा) की 1 तथा अन्य पिछड़ा वर्ग (अपिव) की 1 सीट शामिल है। वहीं कक्षा 11वीं में भी कुल 3 रिक्त सीटें हैं, जिनमें अजजा वर्ग की 2 तथा अजा वर्ग की 1 सीट रिक्त है। कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा 10 अगस्त 2026 को प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा में प्राप्त मेरिट के आधार पर चयनित छात्राओं को 13 अगस्त 2026 तक प्रवेश प्रदान किया जाएगा। वहीं कक्षा 11वीं में प्रवेश कक्षा 10वीं के प्राप्तांकों की मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा। चयनित छात्राओं का प्रवेश भी 13 अगस्त 2026 तक पूर्ण किया जाएगा। संस्था ने स्पष्ट किया है कि विशेष परिस्थितियों में उपलब्ध सीटों की संख्या में आवश्यकतानुसार कमी या वृद्धि की जा सकती है। प्रवेश से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक छात्राएं शासकीय कन्या शिक्षा परिसर, अंबागढ़ चौकी से संपर्क कर सकती हैं।

About The Author