शासकीय आईटीआई भिलाई में 10 अगस्त को लगेगा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता मेला 122 पदों पर होगी भर्ती

दुर्ग, 07 अगस्त 2026/sns/- आदर्श शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, जी.ई. रोड पावर हाउस भिलाई में 10 अगस्त 2026, दिन सोमवार को प्रातः 09:30 बजे से प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में भिलाई इंजीनियरिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड, इकोसिस्टम मटेरियल्स प्राइवेट लिमिटेड, सिम्प्लेक्स कास्टिंग्स लिमिटेड, वैष्णवास एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड और भिलाई वोस्लो बीके कास्टिंग्स लिमिटेड जैसी प्रमुख औद्योगिक कंपनियां शामिल हो रही हैं। इन कंपनियों द्वारा विभिन्न तकनीकी और गैर-तकनीकी ट्रेडों में कुल 122 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत फिटर के 28 पद, वेल्डर के 21 पद, मकेनिस्ट एवं कम्प्यूटर न्यूमेरिकली कन्ट्रोल मशीनिस्ट (सीएनसी) के 12 पद, इलेक्ट्रिशियन के 11 पद, मोल्डर के 10 पद, कम्प्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट के 8 पद, टर्नर के 8 पद, फाउंड्रीमेन के 4 पद, तकनीशियन के 3 पद, मैसन (राजमिस्त्री) के 2 पद और इलेक्ट्रॉनिक्स मेकेनिक के 2 पद शामिल हैं। इसके अलावा ड्राफ्ट्समैन, मेकेनिक डीजल, मैन्युफैक्चरिंग एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट एवं मैन्युफैक्चरिंग/प्रोग्रामिंग प्रोसेस असिस्टेंट के पदों पर भी भर्ती की जाएगी। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी अपनी 10वीं, 12वीं, आईटीआई उत्तीर्ण अंकसूची, मूल प्रमाण पत्र, रिज्यूमे (बायोडाटा) और आधार कार्ड सहित सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।

About The Author