राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर 10 अगस्त को जिले में बच्चों को खिलाई गई एल्बेंडाजोल की दवा

अम्बिकापुर, 10 अगस्त 2026/sns/-   राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर 10 अगस्त को स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत सरगुजा जिले में निर्धारित लक्ष्य 3 लाख 48 हजार 224 बच्चों को एल्बेंडाजोल की कृमिनाशक दवा खिलाई जानी थी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिक्षा विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के समन्वय से जिले के विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं अन्य चिन्हांकित स्थानों पर अभियान का संचालन किया गया। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, शिक्षक एवं संबंधित विभागों के कर्मचारियों द्वारा समन्वित रूप से कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुसार बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई गई। अभियान के दौरान बच्चों एवं अभिभावकों को कृमि संक्रमण से बचाव के उपायों के संबंध में भी जागरूक किया गया। बच्चों को नियमित रूप से हाथ धोने, नाखून साफ रखने, स्वच्छ एवं सुरक्षित भोजन करने तथा साफ पानी का सेवन करने के लिए प्रेरित किया गया।

बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और विकास के लिए महत्वपूर्ण अभियान-
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का मुख्य उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त कर उनके स्वास्थ्य, पोषण, शारीरिक वृद्धि एवं मानसिक विकास को बेहतर बनाना है। कृमि संक्रमण के कारण बच्चों में कमजोरी, खून की कमी, भूख में कमी तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसी उद्देश्य से शासन द्वारा निर्धारित अवधि में बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाने का अभियान संचालित किया जाता है।

17 अगस्त को होगा मॉप-अप दिवस-
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जो बच्चे किसी कारणवश 10 अगस्त को एल्बेंडाजोल की दवा लेने से छूट गए हैं, उन्हें 17 अगस्त 2026 को आयोजित मॉप-अप दिवस के दौरान दवा खिलाई जाएगी। विभाग द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र बच्चा कृमिनाशक दवा से वंचित न रहे।

सीएमएचओ ने अभिभावकों से की अपील-
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं स्वस्थ भविष्य के लिए महत्वपूर्ण अभियान है। जिले में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाने का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के लिए दवा के साथ व्यक्तिगत स्वच्छता एवं साफ-सफाई की आदतों को अपनाना भी जरूरी है। उन्होंने अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों एवं सहयोगी विभागों के मैदानी अमले को बधाई दी। साथ ही अभिभावकों से अपील किया कि 17 अगस्त के मॉप-अप दिवस पर 10 अगस्त को दवा लेने से छूटे सभी पात्र बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा अवश्य दिलाएं।

“स्वस्थ बच्चे, स्वस्थ परिवार और स्वस्थ सरगुजा” का संकल्प-
स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें और 10 अगस्त को दवा लेने से छूटे बच्चों को 17 अगस्त 2026 के मॉप-अप दिवस पर एल्बेंडाजोल की दवा अवश्य दिलाएं। “स्वस्थ बच्चे, स्वस्थ परिवार और स्वस्थ सरगुजा” के संकल्प के साथ राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान को सफल बनाने में सभी की सहभागिता आवश्यक है।

About The Author