बस्तर में हर घर तिरंगा और वंदे मातरम उत्सव की धूम
जगदलपुर, 10 अगस्त 2026/sns/- स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर इस वर्ष बस्तर जिले में देशभक्ति का एक अद्भुत और अनूठा उत्सव देखने को मिल रहा है। राष्ट्रगीत वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ के ऐतिहासिक उपलक्ष्य में बस्तर जिला प्रशासन द्वारा 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान कहीं रंगोली और चित्रकला के माध्यम से तो कहीं उत्साहपूर्ण रैलियों के जरिए नागरिक देश के प्रति अपने प्रेम का इजहार कर रहे हैं। इसके साथ ही 14 अगस्त को भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस के रूप में अत्यंत गंभीरता और सम्मान के साथ मनाया जाएगा। इस दिशा में जिला प्रशासन द्वारा 9 दिवसीय विशेष आयोजन की पूरी कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।
इस 9 दिवसीय अभियान की शुरुआत 10 अगस्त को सभी ब्लॉक मुख्यालयों में आयोजित तिरंगा विचार संगोष्ठी से हुई। इसके अगले दिन 11 अगस्त को सिरहासार भवन से सिटी कोतवाली तक एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें जनप्रतिनिधि, युवा और आम नागरिक उत्साहपूर्वक हिस्सा लेंगे। 12 अगस्त को लोहण्डीगुड़ा से प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात तक एक भव्य तिरंगा व बाइक रैली निकाली जाएगी और साथ ही स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। वहीं खेल और फिटनेस से जुड़े उत्साह को बढ़ाने के लिए 13 अगस्त को लालबाग से शौर्य भवन तक तिरंगा दौड़ एवं मैराथन का आयोजन रखा गया है।
आयोजन के उत्तरार्ध में 14 अगस्त को टाउन हॉल में सुंदर तिरंगा रंगोली प्रदर्शनी और सेल्फी पॉइंट की शुरुआत होगी। इसके बाद 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के साथ जिला पंचायत जगदलपुर से एक विशेष तिरंगा रथ को रवाना किया जाएगा। वहीं 16 अगस्त को बस्तर हेरिटेज कैफे में हर-घर तिरंगा और वंदे मातरम पर आधारित विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी और इस पूरे 9 दिवसीय अभियान का समापन 17 अगस्त को दलपत सागर आईलैण्ड में एक संगीतमय तिरंगा कॉन्सर्ट के साथ होगा।
राज्य शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार इस पूरे अभियान का मूल उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के दिल में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को और प्रगाढ़ करना है। इसी कड़ी में 15 अगस्त को प्रदेश भर में मुख्य ध्वजारोहण के ठीक बाद नागरिक बड़े पैमाने पर वंदे मातरम का सामूहिक गायन करेंगे। आम जनता को डिजिटल रूप से जोड़ने के लिए ींतहींतजपतंदहंण्बवउ पोर्टल के माध्यम से तिरंगे के साथ ली गई सेल्फी अपलोड कर प्रमाणपत्र प्राप्त करने और उसे सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कार्यक्रम स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज के तय अनुपात (3ः2) वाले विशेष तिरंगा कैनवास भी रखे जाएंगे, जहाँ लोग अपनी मातृभाषा में जय हिंद लिखकर अपनी भावनाएं प्रकट कर सकेंगे। इसके अलावा स्थानीय अर्थव्यवस्था और कारीगरों को बढ़ावा देने के लिए तिरंगा मेलों का भी आयोजन किया जाएगा, जहाँ स्व-सहायता समूहों और स्थानीय कारीगरों को झंडे, कपड़े व खाद्य सामग्री बेचने के लिए स्टॉल दिए जाएंगे। इस पूरे आयोजन के दौरान हर स्तर पर स्वतंत्रता सेनानियों, वीरों और उनके परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित भी किया जाएगा।