हर घर तिरंगा से गूंजेगा देशभक्ति का संदेश 17 अगस्त तक होंगे विविध आयोजन
मुंगेली, 10 अगस्त 2026/sns/- देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शासन के निर्देशानुसार 17 अगस्त तक “हर घर तिरंगा एवं वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ” के अवसर पर प्रदेशभर में व्यापक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत जिला, विकासखंड, ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय स्तर पर तिरंगा यात्रा, तिरंगा रैलियां, साइकिल-बाइक-कार रैली, तिरंगा दौड़ एवं मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इसी कड़ी में कल 11 अगस्त को प्रातः जिला मुख्यालय स्थित आदर्श कृषि उपज मंडी परिसर से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम तक तिरंगा रैली निकाली जाएगी और राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और भाईचारे का संदेश दिया जाएगा।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए सभी कार्यक्रमों का व्यवस्थित एवं प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि “हर घर तिरंगा” अभियान का उद्देश्य केवल घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराना ही नहीं, बल्कि हर नागरिक के मन में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम, एकता और अखंडता की भावना को और मजबूत करना है। कार्यक्रम के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने जिला कलेक्टोरेट स्थित एनआइसी कक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर कहा कि अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए प्रशासन द्वारा सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, युवाओं, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, पुलिस विभाग, एनसीसी, एनएसएस, स्व-सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
हर कार्यक्रम में गूंजेगा वंदे मातरम
अभियान की खास थीम “वंदे मातरम” के 150 वर्ष पूरे होने पर केंद्रित होगी। विभिन्न आयोजनों की शुरुआत सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के गायन से की जाएगी। स्वतंत्रता सेनानियों, वीरों एवं उनके परिवारों को स्थानीय कार्यक्रमों में आमंत्रित कर सम्मानित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। कार्यक्रम स्थलों पर तिरंगा कैनवास लगाए जाएंगे, जहां नागरिक विभिन्न भारतीय भाषाओं में “हर घर तिरंगा” और “जय हिंद” लिख सकेंगे। तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर अभियान से जुड़ने और उसे सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए भी लोगों को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके साथ ही तिरंगा प्रतिज्ञा, तिरंगा मेला, देशभक्ति संगीत कार्यक्रम और विशेष सांस्कृतिक आयोजन भी किए जाएंगे।
स्कूल-कॉलेजों में दिखेगा राष्ट्रभक्ति का रंग
विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में तिरंगा यात्रा, रैली, मैराथन, तिरंगा रंगोली, विशेष प्रदर्शनी और देशभक्ति आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। एनसीसी, एनएसएस एवं स्काउट की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। वहीं स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को तिरंगा निर्माण के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इस अवसर पर विशेष प्रदर्शनी एवं देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण के बाद सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का गायन किया जाएगा।