कृषि विज्ञान केंद्र में हर्षाेल्लास से मना हरेली तिहार

सुकमा, 12 अगस्त 2026/sns/- कृषि संस्कृति और परंपरा के प्रतीक हरेली अमावस्या तिहार के अवसर पर बुधवार को कृषि विज्ञान केंद्र, सुकमा के मुरतोण्डा स्थित प्रक्षेत्र में हरेली तिहार हर्षाेल्लास एवं पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में कृषि यंत्रों एवं उपकरणों की विधिवत पूजा-अर्चना कर जिले के किसानों की समृद्धि, खुशहाली और अच्छी फसल की कामना की गई। मुख्य अतिथि मुरतोण्डा के सरपंच श्री मुक्का नाग एवं विशेष अतिथि भारतीय किसान संघ के महामंत्री तथा प्राकृतिक खेती के मास्टर ट्रेनर श्री धरम नाग ने किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा रासायनिक कृषि आदानों पर निर्भरता कम करने के लिए प्रेरित किया।
उप संचालक कृषि श्री पी.आर. बघेल ने किसानों को हरेली तिहार की शुभकामनाएं देते हुए फसल बीमा सहित कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख श्री राजेन्द्र प्रसाद कश्यप ने मुरतोण्डा प्रक्षेत्र में धान, हल्दी एवं अन्य फसलों के प्रदर्शन तथा पौधारोपण गतिविधियों की जानकारी देते हुए किसानों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप वैज्ञानिक कृषि पद्धतियां अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में डॉ. परमानंद, डॉ. योगेश कुमार सिदार, डॉ. गूंजेश्री गोड़ एवं डॉ. संजय सिंह राठौर सहित कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कुल 48 किसान भाई-बहनों ने सहभागिता की, जिनमें 26 महिलाएं और 22 पुरुष शामिल थे। हरेली तिहार के आयोजन के माध्यम से कृषि विज्ञान केंद्र ने पारंपरिक कृषि संस्कृति और लोक विरासत के संरक्षण के साथ किसानों को प्राकृतिक खेती, वैज्ञानिक तकनीकों एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों से जोड़ने का संदेश दिया।

About The Author